असिस्टेंट प्रोफेसर के आठ विषयों के परिणाम घोषित
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए 31 मई को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के आठ विषयों के परिणाम घोषित किए हैं। वाणिज्य में 8423 में से 4154, हिन्दी में 16098 में से 10801 परीक्षा में शामिल हुए। बाकी विषयों में भी उपस्थित और सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए 31 मई को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के 28 विषयों में से आठ (वाणिज्य, चित्रकला, हिन्दी, गणित, दर्शनशास्त्र, संस्कृत, जन्तु विज्ञान व कम्प्यूटर साइंस) के परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए। सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी के अनुसार वाणिज्य के 157 पदों के लिए पंजीकृत 8423 अभ्यर्थियों में से 4154 उपस्थित रहे। इनमें से 945 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। चित्रकला के आठ पदों में पंजीकृत 1582 अभ्यर्थियों में से 877 उपस्थित रहे और 213 सफल हैं। हिन्दी के 87 पदों में पंजीकृत अभ्यर्थियों 16098 अभ्यर्थियों में से 10801 उपस्थित थे और 1983 सफल हैं।
गणित के 79 पदों के लिए पंजीकृत 3916 अभ्यर्थियों में से 1729 उपस्थित रहे और 474 पास हैं। दर्शनशास्त्र के 14 पदों पर पंजीकृत 895 अभ्यर्थियों में से 618 उपस्थित थे और 211 सफल हैं। संस्कृत के 56 पदों पर पंजीकृत 4315 अभ्यर्थियों में से 2297 उपस्थित थे और 878 सफल हैं।जन्तु विज्ञान के 79 पदों में पंजीकृत 4437 अभ्यर्थियों में से 1926 उपस्थित थे और 775 सफल हैं। कम्प्यूटर साइंस के एक पद पर पंजीकृत 573 अभ्यर्थियों में से 185 ने परीक्षा दी और 18 पास हैं। निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त नहीं करने के कारण कई श्रेणियों में निर्धारित संख्या से कम अभ्यर्थी उपलब्ध हैं। मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम एवं ऑनलाइन आवेदन के संबंध में अलग से सूचना दी जाएगी।


