सुरेश भटनागर बने प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की बैठक शुक्रवार को चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में हुई। डॉ. मधुबाला त्यागी की अध्यक्षता में, बैठक में पुरानी पेंशन योजना, शुल्क वृद्धि, निःशुल्क पुस्तकों की उपलब्धता, छात्रवृत्ति प्रक्रिया, और ऑनलाइन उपस्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। परिषद ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की आवश्यक बैठक शुक्रवार को चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद की प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं मंडलीय मंत्री डॉ. मधुबाला त्यागी ने की, जबकि संचालन प्रधानाचार्य सुरेश कुमार भटनागर ने किया। बैठक में वर्ष 2005 के बाद नियुक्त प्रधानाचार्यों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने, विद्यालयों में शुल्क वृद्धि, कक्षा 1 से 8 तक निःशुल्क पुस्तकों की समय पर उपलब्धता, छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया, कक्षा 9 से 11 तक के विद्यार्थियों के पंजीकरण तथा शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद ने निर्णय लिया कि इन सभी कार्यों को शासन की निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रभावी ढंग से पूरा कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
अध्यक्षता कर रहीं डॉ. मधुबाला त्यागी ने प्रधानाचार्यों की समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में परिषद के पदाधिकारियों का चुनाव भी संपन्न हुआ। इसमें सुरेश कुमार भटनागर को अध्यक्ष, डॉ. अंजना शर्मा को जिला सचिव, नरेश कुमार को कोषाध्यक्ष, डॉ. नीति भारद्वाज को संगठन मंत्री, डॉ. वंदना सक्सेना, मोनिका रस्तोगी, डॉ. कुमार देव अवस्थी, डॉ. अनुज कुमार गुप्ता, अजय प्रकाश शर्मा, राजीव कुमार शर्मा को उपाध्यक्ष, शिव कुमार शर्मा को मीडिया प्रभारी, गजेंद्र सिंह को कार्यकारिणी अध्यक्ष, कुलदीप कुमार को महामंत्री तथा रेणुका जोयल व छोटेलाल को संयुक्त मंत्री चुना गया। बैठक में डॉ. मधुबाला त्यागी, शशि आर्या, नरेश कुमार, एसके नेचानी, शिव कुमार शर्मा, कुलदीप रस्तोगी रहे।


