सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में जालौन पुलिस को प्रदेश में तीसरा स्थान
उत्तर प्रदेश में जालौन पुलिस ने सीएम-डैशबोर्ड के तहत कानून-व्यवस्था में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जून 2026 की रैंकिंग में जालौन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर आधारित है।

उरई, संवाददाता। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में जालौन पुलिस ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा संचालित सीएम-डैशबोर्ड पर आधारित जून 2026 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जालौन जनपद को तीसरा स्थान मिला है। खास बात यह है कि जनपद लगातार टॉप-टेन में बना हुआ है।यह रैंकिंग प्रदेश के सभी जनपदों में कानून-व्यवस्था से जुड़े मानकों और पुलिस विभाग के कार्य प्रदर्शन के आधार पर हर माह जारी की जाती है। जून माह की समीक्षा में जालौन पुलिस ने गुणवत्ता, समयबद्धता और शिकायत निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य कर तीसरी रैंक हासिल की। इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व और सतत निगरानी को दिया जा रहा है।
एसपी ने सीएम डैशबोर्ड से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। सीएम-डैशबोर्ड में पुलिस की विभिन्न सेवाओं, पोर्टलों पर किए गए कार्यों और शिकायतों के निस्तारण का आकलन होता है। एसपी के मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, सभी सीओ, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों ने मिलकर बेहतर कार्य किया। प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान और कमियों को समय पर दूर करने से जालौन पुलिस प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंची।


