सभी ब्लॉकों में 13 से 15 जुलाई तक होंगे श्री अन्न कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम
बिजनौर में 2026-27 हेतु श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत सभी विकास खंडों में कृषक प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों को श्री अन्न की खेती, उत्पादन तकनीक, मूल्य संवर्धन और पोषण संबंधी जानकारी देना है। प्रशिक्षण 13-15 जुलाई को होगा, जिसमें कृषि वैज्ञानिक जानकारी देंगे।

बिजनौर। उत्तर प्रदेश श्री अन्न (मिलेट्स) पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) वर्ष 2026-27 के तहत जनपद के सभी 11 विकास खंडों में विकास खंड स्तरीय श्री अन्न (मिलेट्स) कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम डीएम के निर्देशन में आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को श्री अन्न की वैज्ञानिक खेती, उत्पादन तकनीकों, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, उपयोगिता तथा पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देना है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि कृषि विभाग की कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक विकास खंड में करीब 100 किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में उन किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्हें वर्तमान वर्ष में श्री अन्न के निःशुल्क मिनी किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इससे किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकेंगे। उन्होंने सभी बीडीओ, कृषि विभाग के अधिकारियों और नामित आयोजनकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करें।प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 से 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे संबंधित विकास खंडों में आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में कृषि वैज्ञानिक एवं विभागीय विशेषज्ञ किसानों को श्री अन्न की विभिन्न फसलों की उन्नत खेती, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण, विपणन तथा पोषण संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी देंगे। डीएम ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम विकास खंड में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर श्री अन्न उत्पादन की नवीनतम तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाएं।


