भेड़-बकरी पालन को बढ़ावा देगी सरकार, 90 प्रतिशत तक अनुदान
- यूपी में पहले स्माल लाइवस्टाक कान्क्लेव-2026 में बोले पशुधन मंत्री - लघु

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
यूपी में भेड़, बकरी व सूकर पालन को संगठित उद्योग का स्वरूप देने की दिशा में मजबूत कदम उठाया जा रहा है। पशुपालन विभाग इस योजना को बेहतर ढंग से लागू कराएगा। बुधवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भेड़, बकरी व सूकर पालन को वैज्ञानिक व व्यावसायिक स्वरूप देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
योजना का शुभारंभ
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित यूपी स्माल लाइवस्टाक काक्लेव-2026 का उन्होंने शुभारंभ किया। पशुधन मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में 90 प्रतिशत तक अनुदान वाली योजनाओं को विस्तार दिया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन पशुपालन विभाग ने ग्लोबल फोरम फॉर सस्टेनेबल ट्रांसफार्मेशन (जीएफएसटी) व द गोट ट्रस्ट के साथ एमओयू किया। अब इस समझौते के माध्यम से पशुपालन विभाग नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, प्रशिक्षण, क्षमता संवर्धन व तकनीकी सहयोग मिलेगा। पशुधन मंत्री ने उद्यमियों का आवाहन किया कि वह लघु पशुपालन के क्षेत्र में निवेश करें। यूपी में बेहतर कानून-व्यवस्था व मजबूत कनेक्टिविटी के कारण उप्र निवेश के लिए सबसे अनुकूल है। 20वीं पशुगणना के अनुसार यूपी में 1.45 करोड़ बकरियां, 9.85 लाख भेड़ें व 4.09 लाख सूकर हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन व पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार बकरी पान की 60 हजार रुपये लागत वाली इकाई पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। वर्ष 2025-26 में 1786 इकाइयां स्थापित की गईं। वहीं वर्ष 2026-27 में 1896 नई इकाइयों का लक्ष्य तय किया गया है। ऐसे ही भेड़ पालन की 1.70 लाख रुपये लागत वाली इकाई पर भी 90 प्रतिशत अनुदान है। कान्क्लेव में वैज्ञानिक अनुसंधान, मूल्य संवर्धन व प्रसंसकरण, विपणन व उद्यमिता विकास जैसे विषयों पर एक्शन प्लान तैयार होगा। प्रथम तकनीकी सत्र में ‘लघु पशुपालन ग्रामीण समृद्धि का आधार’, ‘पोषण सुरक्षा में लघु पशुधन की भूमिका’, ‘लघु पशुधन उद्यमिता, स्टार्टअप एवं निवेश के अवसर’ और ‘प्रौद्योगिकी नवाचार एवं आधुनिकीकरण’ विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। विभिन्न संस्थानों द्वारा नवाचारों का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान व अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम भी मौजूद रहे.
नियमिततम FAQs
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


