समस्याएं हल न हुईं तो लेखपाल छोड़ेंगे अतिरिक्त चार्ज
जसराना, उत्तर प्रदेश में लेखपाल संघ ने एसडीएम को समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि समस्याओं के समाधान न होने पर पांच अगस्त को अतिरिक्त चार्ज छोड़ने का ऐलान किया गया है। लेखपाल कार्यभार, संसाधनों की कमी तथा अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

जसराना। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों ने समस्याओं को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर पांच अगस्त को अतिरिक्त चार्ज छोड़ने का ऐलान किया। लेखपालों ने कहा पूर्व में शासन द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष मनोज यादव एवं मंत्री चंद्रशेखर के साथ लेखपाल एसडीएम से मिलने पहुंचे। लेखपालों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। लेखपालों ने कहा लेखपाल निरंतर बढ़ते कार्यभार, संसाधनों के अभाव, लंबित पदोन्नित, वेतन विसंगति, अतिरिक्त कार्यभार एवं अवकाश के दिनों में भी कार्य करने जैसी शोषणकारी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
कहा कि पंचायत सहायकों को भी इंटरनेट एवं अन्य संसाधन मुहैया कराए हैं। उनके पास बैठने के लिए अलग से कमरा है। लेकिन राजस्व विभाग की सबसे महत्वपूर्ण कडी होने के बाद भी लेखपाल समस्याओं से जूझ रहा है। एसडीएम रिषभ पुंडीर को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लेखपाल पांच अगस्त को अतिरिक्त चार्ज रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में जमा कराने का कार्य करेंगे।


