वार्ता विफल, जारी रहेगा लेखपालों का आंदोलन
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने 17 अक्टूबर से सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। लखनऊ में वार्ता के दौरान राजस्व परिषद ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन लेखपालों ने सिर्फ आश्वासन को अस्वीकार कर दिया। इस आंदोलन में राजस्व निरीक्षक संघ का भी समर्थन है।

देवरिया, निज संवाददाता। मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश कार्यकारिणी को हड़ताल को लेकर वार्ता को राजस्व परिषद लखनऊ में बुलाया गया था, लेकिन वार्ता असफल रही। इसके बाद आंदोलन को पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रखने का निर्णय लिया गया। लेखपाल संघ ने 17 अक्तूबर से सम्पूर्ण कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश राजस्व निरीक्षक संघ ने भी लेखपाल संघ के आंदोलन का समर्थन किया है।लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष भालेन्दु सिंह ने कहा कि लखनऊ में वार्ता के दौरान परिषद ने बताया कि शासन स्तर पर सभी लंबित मांगों पर जल्द ही कार्यवाही की जाएगी।
इस पर प्रदेश कार्यकारिणी का जवाब था कि कई वर्षों से लेखपालों को सिर्फ आश्वासन ही मिला है। इस बार आश्वासन नहीं शासनादेश चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना विचलित सभी साथियों को आंदोलन जारी रखना है। सभी साथी आंदोलन के कार्यक्रम का पालन करें। उन्होंने कहा कि सम्मान और हक की लड़ाई में अब लेखपाल बिना शासनादेश के कोई समझौता नहीं करेंगे।


