प्रदर्शन कर लेखपालों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शनिवार को हरदोई में कार्य बहिष्कार करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एंटी करप्शन और विजिलेंस टीम की कार्यवाही को गलत और दुर्भावनापूर्ण बताया। लेखपालों ने बताया कि उन पर झूठे आरोप लगाकर फंसाने की कोशिश हो रही है और ऐसे मामलों में उनकी सुरक्षा की मांग की।

हरदोई। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शनिवार को तहसीलों में कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर तहसील में उप जिलाधिकारी को सौंपा। समें लेखपालों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संगठन, एंटी करप्शन एवं विजिलेंस टीम द्वारा की जा रही अनुचित, फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण ढंग से ट्रैप की कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की। लेखपाल सदर तहसील में इकट्ठा हुए। नारेबाजी कर नाराजगी जताई। सीएम को भेजे ज्ञापन में तहसील अध्यक्ष अशोक कुमार, मंत्री शैलेंद्र ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग का मेहनती, इमानदार व जनता से जुड़ा अग्रिम पंक्ति का कर्मचारी है। बेहद कठिन परिवेश में गांव में घूमकर शासन की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम करता है।
भूमि विवादों, पैमाइश, अतिक्रमण व राजस्व कार्यों को निभाता है। भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण हटाने या किसी व्यक्ति के अवैध कार्यों को नियमों के विपरीत न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति या दलाल द्वारा लेखपाल से रंजिश रखना असामान्य नहीं है। कई बार असंतुष्ट व्यक्ति दुर्भावनावश लेखपाल को झूठे मामले में फंसाने का प्रयास करते हैं। एंटी करेप्शन, विजिलेंस एवं एसीओ द्वारा कई बार पर्याप्त परीक्षण किए बिना ट्रैप कार्यवाही करने की शिकायतें सामने आ रही हैं।लेखपालों ने कहा कि 20 अगस्त को अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप के साथ हुई घटना ने लेखपालों को आक्रोशित कर दिया है। इस प्रकरण से संबंधित उपलब्ध तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के संबंध में गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं। ऐसी घटनाओं से लेखपालों में भय, मानसिक प्रताड़ना व असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ भ्रष्टाचार का किसी भी रूप का समर्थन नहीं करता है। यदि कोई कर्मचारी रिश्वत मांगने या लेने का दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्द नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन किसी निर्दोष कर्मचारी को निजी रंजिश, साजिश, झूठी शिकायत या जबरन ट्रैप के माध्यम से फंसाना स्वीकार नहीं है।

