आठ सूत्री मांगों को लेकर लेखपाल तीन अक्टूबर से करेंगे आंदोलन
लेखपाल संवर्ग ने प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। 3 से 24 अक्टूबर तक आंदोलन होगा, जिसमें नवनियुक्त लेखपालों की परीक्षा परिणाम, स्थायीकरण और अन्य मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। यूनियन ने सरकार से इन मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है, अन्यथा अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है।

मुहम्मदाबाद, हिन्दुस्तान संवाद। लंबे समय से लंबित आठ सूत्री मांगों को लेकर लेखपाल संवर्ग ने प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। गुरुवार को लेखपाल संघ ने उपजिलाधिकारी रणविजय सिंह, तहसीलदार महेंद्र बहादुर और नायब तहसीलदार नीतीश कुमार शाही को ज्ञापन सौंपा। लेखपाल संघ तहसील इकाई के अध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि तीन से 24 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी गई है। लेखपालों की प्रमुख मांगों में पिछले एक वर्ष से नवनियुक्त लेखपालों का परीक्षा परिणाम घोषित करने और स्थायीकरण, परिषद के आदेश के बावजूद पटल सहायक और प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कार्यों से मुक्त करने, पिछले 10 वर्षों से लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने और ग्राम सचिवालयों में बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भत्ते की व्यवस्था करना शामिल है।
संघ का कहना है कि लेखपाल शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ आपदा और अन्य आवश्यक कार्यों में दिन-रात सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। ज्ञापन देने वालों में रविकांत सिंह, अफसर अली, रामजी, अखिलेश कुमार, आशुतोष सिंह, सुनील कुमार और राजेश रंजन सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।

