लेखपालों ने प्रदर्शन कर दिया धरना
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने शनिवार को तमकुहीराज तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने सरकारी कार्यों का बहिष्कार किया, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हुए। वे सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। संघ ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी।

डिबनी बंजरवा। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को तमकुहीराज तहसील परिसर में लेखपालों ने विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने थाना समाधान दिवस समेत अन्य सरकारी कार्यों का बहिष्कार किया, जिससे राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित रहे और फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धरने में अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ हुई ट्रैप कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई गई। संघ ने मामले की जांच स्वतंत्र एजेंसी या एसआईटी से कराने के साथ सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कराने की मांग की। साथ ही भविष्य में ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के लिए स्पष्ट एसओपी लागू करने की मांग की गई।
लेखपाल संघ पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी भी दी गई। धरने में अशोक वर्मा, शैलेश कुमार मिश्र, जयंत गुप्ता, नर्वदेश्वर सिंह समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।-------------


