दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए अब पूरे प्रदेश में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

- डीजीपी ने 59 जिलों में किया 228 नई क्रिटिकल कॉरीडोर टीमों का गठन

दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए अब पूरे प्रदेश में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम

लखनऊ, विशेष संवाददाता

डीजीपी राजीव कृष्ण ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक (जेडएफडी) योजना का पूरे प्रदेश में विस्तार कर दिया है। 59 जिलों में चिन्हित 213 दुर्घटना बहुल स्थानों के लिए 228 क्रिटिकल कॉरीडोर टीमों का गठन किया गया है। पहले चरण में 20 जिलों में यह योजना लागू की गई थी, जिससे दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।

योजना को और अधिक प्रभावी बनाने की कार्यशाला

डीजीपी के निर्देश पर योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को पुलिस मुख्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें कार्यक्रम के तीसरे व चौथे चरण के तहत 59 जिलों में सर्वाधिक दुर्घटना बहुल 213 चिन्हित क्रिटिकल स्थानों पर गठित 228 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों के प्रभारी अधिकारियों और नोडल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। डीजीपी ने कार्यशाला में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को केवल आकस्मिक घटना मानने के बजाय उनके पीछे मौजूद कारणों की पहचान कर उन्हें दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों का विश्लेषण

दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों का विश्लेषण कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर उनका निराकरण कराया जाए। अधिकारी दुर्घटना संभावित स्थलों व उनके कारकों की पहचान कर प्रभावी रोकथाम की कार्यवाही मिशन मोड में संचालित करें। उन्होंने क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना रोकथाम, प्रभावी प्रवर्तन, दुर्घटना विश्लेषण तथा प्राथमिक उपचार व सीपीआर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किए जाने पर भी जोर दिया। डीजीपी ने कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के सुझाव भी जाने। इससे पहले एडीजी यातायात ए.सतीश गणेश ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना के तहत किए प्रयासों व परिणामों को प्रस्तुत किया।

-------

दुर्घटना में 6.97 प्रतिशत की कमी

आंकड़ों में सुधार

योजना के तहत चिन्हित स्थानों पर जनवरी से अगस्त के बी सड़क दुर्घटनाओं में 6.97 प्रतिशत, हादसों में मृत्यु में 8.03 तथा घायलों की संख्या में 6.11 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इस अवधि में 1,255 सड़क दुर्घटनाओं में कमी हुई। प्रतिदिन औसतन सात दुर्घटनाएं कम हुईं। इसी प्रकार 1,107 लोगों की जान बचाई गई। जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक (जेडएफडी) योजना सभी कमिश्नरेट/जिलों के सर्वाधिक दुर्घटना बहुल 700 स्थानों पर लागू है। योजना के तहत जहां दुर्घटनाएं अधिक, वहां कार्रवाई अधिक का सिद्धांत अपनाया गया है।

•-----

डीजीपी ने इन्हें किया सम्मानित

उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान

डीजीपी ने योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कमिश्नरेट कानपुर के थाना विधनू, बाराबंकी के थाना कोतवाली नगर तथा सुल्तानपुर के थाना कोतवाली नगर के क्रिटिकल कॉरिडोर टीम प्रभारियों व सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

प्रश्नोत्तर

✦जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक योजना का क्या उद्देश्य है?−
जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsदुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए अब पूरे प्रदेश में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम