कन्नौज की गट्टा मिठाई और पेड़ा उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
कन्नौज में पारंपरिक गट्टा मिठाई और खोया के पेड़ा उद्योग को नई पहचान देने के लिए प्रदेश सरकार ने एक जनपद एक व्यंजन योजना शुरू की है। इस योजना के तहत 12 नई इकाइयों को वित्तीय सहायता मिलेगी, जिससे रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

कन्नौज, संवाददाता। जिले की पारंपरिक गट्टा मिठाई और खोया के पेड़ा उद्योग को नई पहचान देने के लिए प्रदेश सरकार ने एक जनपद एक व्यंजन योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले में 12 नई इकाइयों को वित्तीय सहायता देने का लक्ष्य तय किया गया है। योजना का उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों के उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत ने बताया कि चयनित लाभार्थियों को बैंक ऋण के साथ मार्जिन मनी अनुदान दिया जाएगा। 25 लाख तक की परियोजना पर 25 प्रतिशत अधिकतम 6.25 लाख, जबकि बड़ी परियोजनाओं पर निर्धारित सीमा तक अधिकतम 50 लाख मार्जिन मनी सहायता मिलेगी।
उद्यम के दो वर्ष सफल संचालन के बाद यह राशि अनुदान में परिवर्तित कर दी जाएगी। सामान्य वर्ग के आवेदकों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग लाभार्थियों को केवल पांच प्रतिशत अंशदान करना होगा। आवेदक उत्तर प्रदेश का निवासी, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का तथा बैंक का डिफाल्टर नहीं होना चाहिए।इच्छुक अभ्यर्थी एमएसएमई विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित जानकारी जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र, मकरंद नगर से भी प्राप्त की जा सकती है।


