मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना में मिलेंगे 50 लाख
उत्तर प्रदेश सरकार ने पहली बार ग्राम पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना शुरू की है। इच्छुक ग्राम पंचायत प्रशासक 15 से 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

बदायूं, संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार ने पहली बार ग्राम पंचायतों के लिये मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना शुरू की है। जिसके लिये आवेदन मांगे गये हैं। इच्छुक ग्राम पंचायत प्रशासक पात्र ग्राम पंचायतों से 15 सितंबर से 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
योजना का उद्देश्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम पंचायतों को लिये प्रोत्साहित करने के लिये मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना लागू की है। जिसके तहत पंचायती राज विभाग द्वारा प्रदेश की उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को प्रति पंचायत 50 लाख रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी जायेगी। योजना से संबंधित पंचायती राज विभाग के निदेशक ने 10 श्रेणियां निर्धारित की हैं। इन श्रेणियों को पूरा करने वाली ग्राम पंचायतें ही आवेदन कर पायेंगी। जिला पंचायती राज अधिकारी याबर अब्बास ने बताया कि मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना का लाभ लेने के लिये 15 सितंबर से आवेदन प्रकिया शुरू हो जायेगी। इच्छुक ग्राम पंचायत प्रशासक एवं सचिव 30 सितंबर तक https://cmawards.upprd.in/ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिये श्रेणियां
आवेदन के लिये हैं ये 10 श्रेणियां जरूरी--
-घर-घर कचरा एकत्रित करने वाली ग्राम पंचायत।
-स्वयं की आय (ओएसआर) सृजित करने वाली ग्राम पंचायत।
-कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवायें प्रदान करने वाली ग्राम पंचायत।
-मेरा तालाब मेरी योजना में श्रेष्ठ कार्य करने वाली ग्राम पंचायत।
-आधार केंद्रों के माध्यम से सेवायें प्रदान करने वाली ग्राम पंचायत।
-तरल अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली ग्राम पंचायत।
-प्लास्टिक मुक्त एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली ग्राम पंचायत।
-पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन करने वाली ग्राम पंचायत।
-महिला नेतृत्व एवं सहभागिता में उत्कृष्ट ग्राम पंचायत।
-सर्वाधिक जैविक कृषि करने वाली ग्राम पंचायत।
फैक्ट फाइल
फैक्ट फाइल--
जिले में कुल ग्राम पंचायत-1037
मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना के लिये आवेदन कब से शुरू-15 सितंबर
मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना के लिये आवेदन की अंतिम तिथि-30 सितंबर
मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार योजना के लिये इस साइट पर करें आवेदन-https://cmawards.upprd.in/


