24 हजार से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों का कैशलेस इलाज
वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को हरिऔध कला केंद्

आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को शुभारंभ किया। कार्यक्रम का हरिऔध कला केंद्र में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिले के 15 शिक्षकों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के डेमो कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य बिंदु
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा उनके पात्र आश्रितों को आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की अलख जगाने वाले शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
योजना का लाभ
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद के 23,317 शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक तथा परिषद के सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कार्यरत वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षकों को योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों तथा उनके आश्रितों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त, अशासकीय एवं संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत 1,758 शिक्षक एवं कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों को भी योजना से जोड़ा जाएगा। इस प्रकार जिले के 24 हजार से अधिक शिक्षक एवं कर्मचारी इस योजना के दायरे में आएंगे। जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि योजना से जुड़े सभी पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों का शीघ्र सत्यापन कराकर इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें。
प्रयास
भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश के बीच सभी स्थायी एवं संविदा शिक्षकों तथा कर्मचारियों के लिए विशेष वेतन खाते (स्पेशल सैलरी अकाउंट) संचालित करने के संबंध में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
लाइव प्रसारण
तहसील और ब्लॉकों में भी हुआ लाइव प्रसारण
बूढ़नपुर/लालगंज/सगड़ी। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का जिले की विभिन्न तहसीलों और विकास खंडों में भी सजीव प्रसारण किया गया। बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के कोयलसा, अहरौला और अतरौलिया विकास खंडों में शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों ने कार्यक्रम देखा। मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अभयराज पांडेय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं और उनकी सामाजिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है। इस दौरान विभिन्न विकास खंडों के पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से पांच लाख रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। कोयलसा विकास खंड से शिक्षामित्र कमलेश त्रिपाठी, अनुदेशक चंदन सिंह, सहायक अध्यापक रविंद्र सिंह तथा रसोइया रामचंद्र पांडेय को सम्मानित किया गया। अहरौला विकास खंड से बृजेश कुमार सिंह, विश्वजीत यादव, संजय कुमार पांडेय, रीमा यादव और रोशन लाल को डेमो चेक प्रदान किए गए। अतरौलिया विकास खंड से विनायक यादव, सौरभ सिंह, जितेंद्र सोनी, शैलेश और देवेंद्र वर्मा को भी सम्मानित किया गया। लालगंज तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख पल्हना अनुराग सिंह उर्फ सोनू सिंह, तहसीलदार उमेश सिंह तथा नायब तहसीलदार कनक सिंह ने किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि योजना के तहत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विशेष शिक्षक तथा रसोइया लाभान्वित होंगे। सगड़ी तहसील में आयोजित शिक्षक कैशलेस कार्ड वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम में भाजपा नेता रामपाल सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था शिक्षकों के लिए वरदान साबित होगी। मनीष मिश्र 'पिंटू' ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण होते हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा समाज के हित में आवश्यक है।


