शहर के 11484 शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मियों को पांच लाख का कैशलेस इलाज

हिन्दुस्तान, कानपुर
Follow us on Google News
share

कानपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत की गई। 11,484 शिक्षक और उनके आश्रित इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार मिलेगा। राज्य सरकार इस योजना पर 450 करोड़ रुपये व्यय करेगी।

शहर के 11484 शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मियों को पांच लाख का कैशलेस इलाज

कानपुर, वरिष्ठ संवाददाता। बेसिक और माध्यमिक विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व रसोइयों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का स्थानीय स्तर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शुभारंभ किया। बेसिक में नगर के 11,484 शिक्षक आदि और उनके आश्रितों को पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। मर्चेंट चैंबर में बुधवार को आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री श्री सचान ने शिक्षकों को योजना के कार्ड वितरित किए। इससे पूर्व वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। यहां बिल्हौर, घाटमपुर और नरवल तहसील में भी कार्ड वितरित किए गए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है। लंबे समय से शिक्षकों की मांग रही कैशलेस चिकित्सा योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साकार किया है। पूर्व की सरकारों ने शिक्षकों की चिंता नहीं की जबकि वर्तमान सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों एवं शिक्षा कर्मियों के परिवारों को उपचार की चिंता से मुक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के 12 लाख से अधिक शिक्षक एवं शिक्षा कार्मिक योजना से लाभान्वित होंगे。

शिक्षकों के लिए बीमा सुरक्षा कवर

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के तहत शिक्षकों को 30 लाख से 80 लाख रुपये तक का बीमा सुरक्षा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। दुर्घटना की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा के साथ बच्चों की शिक्षा और पुत्री के विवाह जैसी आवश्यकताओं में भी सहायता का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र कार्मिकों को विशेष पोर्टल पर स्वयं एवं अपने आश्रितों का विवरण दर्ज करना होगा। खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्तर से सत्यापन और ई-केवाईसी के बाद कैशलेस चिकित्सा कार्ड जनरेट होगा। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के साथ कानपुर नगर के 11,484 शिक्षक एवं शिक्षा कर्मियों और उनके आश्रितों को 05 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना से जनपद के 5,936 शिक्षक, 1,968 शिक्षामित्र, 122 अनुदेशक, 20 विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन) तथा 3,438 रसोइये लाभान्वित होंगे।

कैशलेस योजना के लिए बजट

कैशलेस योजना पर 450 करोड़ खर्च होंगे

कैशलेस योजना के संचालन पर राज्य सरकार लगभग 450 करोड़ व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। सरकार डीबीटी के माध्यम से सीधे अभिभावकों के खातों में सहायता राशि उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से धनराशि का उपयोग बच्चों की निर्धारित शैक्षिक आवश्यकताओं के लिए करने तथा शिक्षकों से स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत विद्यालय से बाहर प्रत्येक बच्चे का नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री हेतु प्रति छात्र 1,200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से जारी की गई। इसके लिए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई।

समारोह में उपस्थित लोग

समारोह में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सुरेंद्र अवस्थी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर एडी बेसिक शिवेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी, एडीआईओएस प्रशांत कुमार द्विवेदी, बीएसए हरिओम सिंह, डॉ. सरदार मनप्रीत सिंह,गिरीश कुमार मिश्रा समेत अनेक शिक्षक मौजूद थे।

सामान्य प्रश्न

इस योजना का लाभ किसके लिए है?
यह योजना बेसिक और माध्यमिक विभाग के शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों व रसोइयों के लिए है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।