पीआरडी जवानों को मिलेगा कैशलेस इलाज, प्रतिदिन 600 रुपये हुआ मानदेय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। जवानों का मानदेय बढ़ाकर 600 रुपये प्रति दिन किया गया है। कार्यक्रम में बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं की घोषणा भी की गई। इससे जवानों को चिकित्सा में राहत और आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को अब कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही उनका मानदेय बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा, अधिकारियों और पीआरडी जवानों ने देखा। लखनऊ के ग्राम पटवा परिषद, सरोजिनी नगर में मुख्यमंत्री ने करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया। इस दौरान पीआरडी के प्रशिक्षण की सुविधाओं को बेहतर बनाने, कैशलेस चिकित्सा और मानदेय बढ़ाने से जुड़ी घोषणाओं की जानकारी दी गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष दिबियापुर राघव मिश्रा ने कहा कि पीआरडी जवान कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करते हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से बीमारी के समय जवानों को राहत मिलेगी। मानदेय बढ़कर 600 रुपये प्रतिदिन होने से भी उन्हें आर्थिक लाभ होगा। उन्होंने जवानों से अनुशासन और दक्षता के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा।उन्होंने बताया कि औरैया में भी पीआरडी जवानों के लिए प्रशिक्षण हॉल तैयार कराया जा रहा है। इससे जिला स्तर पर प्रशिक्षण की सुविधाएं बेहतर होंगी। मंडल और प्रदेश स्तर पर भी प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि जिले के सभी पात्र पीआरडी जवानों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय से दिलाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र जवानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में लापरवाही न बरती जाए। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पीआरडी जवान मौजूद रहे।


