पुलिस के वाहनों से लोक अदालत के कार्यों को जानेंगे लोग
यूपी में लोक अदालत के कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार की एक विशेष पहल शुरू की गई है। इससे 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दूर-दराज़ इलाकों तक पहुंचाई जाएगी। न्यायालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह आम जनता को विवादों के त्वरित समाधान में मदद करेगा।

लोक अदालत के कार्यों को बताने और अदालत से मिलने वाला लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके। इसके प्रचार प्रसार लिए यूपी 112 की पीआरवी शहर से गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूक करेगी। राष्ट्रीय लोक अदालत और मीडिएशन तीन के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ और लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस की अनूठी पहल की शुरुआत जनपद न्यायालय लखनऊ परिसर से की गई है। न्यायालय परिसर से जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी व पुलिस उपायुक्त किरन यादव ने यूपी 112 पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बताया गया कि इस पहल के तहत 12 सितंबर को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दूर इलाकों तक लोगों को हो सके। प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने संदेश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को अपने लंबित विवादों का सरल एवं शीघ्र समाधान प्राप्त करने का अवसर देती है। आम जनता से अनुरोध है कि वह 12 सितंबर को आयोजित लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आपसी सहमति से अपने मामलों का निस्तारण कराएं। आईपीएस किरन यादव ने कहा कि लोक अदालत का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे। इसके लिए पुलिस की पीआरवी हर जगह जागरुकता फैलाएंगी। राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह योग्य दीवानी वाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से जुड़े मामले, बैंक और वित्तीय विवाद, उपभोक्ता विवाद, राजस्व वाद और चालानी मामलों समेत अन्य मामलों का सहमति से निस्तारण कराया जा सकता है। इससे जल्द समस्या निस्तारित हो सकेगी।

