यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट कल से, 200 से अधिक जापानी प्रतिनिधि होंगे शामिल
- यमानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी की अगुवाई में भाग लेगा जापानी प्रतिनिधिमंडल -

लखनऊ, विशेष संवाददाता
उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास और विदेशी निवेश को गति देने के उद्देश्य से यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 का आयोजन 18 से 23 अगस्त के बीच दिल्ली और यूपी में होगा। पांच दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत 19 अगस्त को नई दिल्ली के ताज पैलेस में हाई-लेवल सीएक्सओ राउंडटेबल और उद्घाटन सत्र से होगी।
जापानी प्रतिनिधियों का स्वागत
इसमें केंद्रीय रेल, सूचना व प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे। नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करेंगे।
निवेश सम्मेलन की विस्तृत जानकारी
पांच दिवसीय निवेश सम्मेलन में जापान के 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपति, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, व्यापारिक प्रतिनिधि और नीति-निर्माता भाग लेंगे। उच्चस्तरीय जापानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यमानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी करेंगे। प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), अत्याधुनिक तकनीकी हस्तांतरण, संयुक्त परियोजनाओं तथा बड़े पैमाने पर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विमर्श करेगा।
इन्वेस्ट यूपी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य मैन्युफैक्चरिंग, क्लीन एनर्जी, सेमीकंडक्टर, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास, पर्यटन और संबंधित क्षेत्रों में जापानी कारोबारी रुचि को ठोस निवेश में बदलना है। जापानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में होने वाले विभिन्न सत्रों के माध्यम से निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए नए अवसर तलाशे जाएंगे।
लखनऊ में निवेश सम्मेलन
-------
21 को लखनऊ में होगा निवेश सम्मेलन
मुख्य राज्य स्तरीय निवेश सम्मेलन 21 अगस्त को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगा। इसमें गवर्नमेंट-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू-बिजनेस मैचमेकिंग सत्र होंगे, जहां निवेशकों और सरकार के बीच सीधे संवाद के साथ संभावित साझेदारियों और परियोजनाओं पर चर्चा होगी। जेट्रो, एस्कॉर्ट्स कुबोटा, कुबोटा कॉर्पोरेशन जापान, तोशिबा इंडिया, मदरसन ग्रुप, सेतोलास एशिया, होंडा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन इंडिया, डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया, सुमितोमो कॉर्पोरेशन इंडिया, स्पार्क मिंडा टोयो डेंसो और पैनासोनिक जैसी प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि उत्तर प्रदेश में विस्तार, तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एस्कॉर्ट्स कुबोटा और मिंडा कारपोरेशन की परियोजनाओं के लिए वर्चुअल ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी होगी।
जापानी सिटी का विकास
-----
जापानी सिटी बनेगी साझेदारी का आधार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) उत्तर प्रदेश में जापानी मैन्युफैक्चरिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। सेक्टर-10 में एस्कॉर्ट्स कुबोटा की 2,025 करोड़ रुपये करोड़ की परियोजना के तहत ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट और संबंधित उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे 3,800 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है। वहीं मिंडा कारपोरेशन सेक्टर-10 और सेक्टर-24, यीडा में दो परियोजनाएं विकसित कर रही है। इन दोनों परियोजनाओं में कुल 1,166 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और करीब 6,440 रोजगार सृजित होने की संभावना है। यहां इग्निशन स्विच-कम-स्टियरिंग लॉक, मेकाट्रॉनिक कंपोनेंट्स, वायरिंग हार्नेस और संबंधित कनेक्शन सिस्टम का निर्माण होगा। कुल 3,191 करोड़ रुपये का निवेश होगा। राज्य सरकार ने यीडा में 500 एकड़ भूमि पर समर्पित जापानी सिटी विकसित करने की योजना बनाई है। यह जापानी कंपनियों, उनके सप्लायर्स और सहायक उद्योगों के लिए एक समेकित औद्योगिक आधार के रूप में विकसित की जाएगी।


