औद्योगिक प्रतिष्ठानों में गठित होंगी संकर्म समिति
कैबिनेट का फैसला- -यूपी औद्योगिक संबंध नियमावली-2026 को कैबिनेट की मंजूरी -श्रम मंत्री

लखनऊ, विशेष संवाददाता।
नियमावली को कैबिनेट की मंजूरी
उत्तर प्रदेश औद्योगिक संबंध नियमावली-2026 को शुक्रवार को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। इस नियमावली में श्रमिकों और सेवायोजकों के बीच संबंधों को स्पष्ट किया गया है। व्यवस्था को सरल और व्यावहारिक बनाने के लिए कुल 13 अध्याय रखे गए हैं। इसके तहत प्रत्येक अधिष्ठान में श्रमिकों और सेवायोजकों के बीच होने वाले समझौतों और सुलह को दर्ज करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सेवायोजक और कर्मकार प्रतिनिधियों के नामित अधिकारियों के हस्ताक्षर के बाद समझौते को दर्ज किया जाएगा। इसकी जानकारी राज्य सरकार को भी दी जाएगी।
समिति और शिकायत निस्तारण की व्यवस्था
श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि यह नियमावली श्रमिकों व इंडस्ट्री दोनों के हित में है। दोनों के बीच संतुलन बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। नियमावली में हर औद्योगिक प्रतिष्ठान में नियोजक और कर्मकारों के प्रतिनिधियों की संकर्म समिति का गठन किया जाएगा। समिति के गठन के लिए चुनाव प्रक्रिया, बैठकों के संचालन, वार्षिक विवरण, पदावधि और समिति के विघटन से संबंधित प्रावधान तय किए गए हैं। वहीं नाराज कर्मकारों की शिकायतों के निस्तारण के लिए शिकायत समिति गठित करने की व्यवस्था भी की गई है।
समझौते के जरिए हल होंगे विवाद
नियमावली में व्यवसाय संघों के सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया और इससे जुड़े विवादों के समाधान के लिए स्पष्ट व्यवस्था की गई है। औद्योगिक विवादों को स्वेच्छा से मध्यस्थ के माध्यम से समझौते के आधार पर हल करने का भी प्रावधान किया गया है।

