मुख्यमंत्री ने 35 रुपए प्रति कुंतल बढ़ाया कोटेदारों का लाभांश
अमेठी में, प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने हेतु उचित दर विक्रेताओं का कमीशन 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस नई नीति का एलान किया, जिसे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने समर्थन दिया। इससे कोटेदारों के आर्थिक हित को मजबूती मिलेगी।

अमेठी। संवाददाता प्रदेश सरकार द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रदेश के लगभग 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के कमीशन में 35 रुपए प्रति कुंतल की वृद्धि कर दी गई है। सोमवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि करते हुए इसे 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। जिसे जिले की सभी तहसीलों में कार्यक्रम आयोजित कर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने कोटेदारों के साथ बैठकर देखा व सुना।गौरीगंज
के डीपीआरसी में आयोजित कार्यक्रम में डीएम संजय चौहान, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, एसडीएम गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे। विधानसभा अमेठी में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी, विधायक अमेठी महाराजी प्रजापति एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, विधानसभा जगदीशपुर में विधायक सुरेश पासी तथा ब्लॉक प्रमुख जगदीशपुर कार्यक्रम में मौजूद रहे। डीपीआरसी में विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है। लाभांश वृद्धि का निर्णय कोटेदारों के आर्थिक हितों को मजबूत करेगा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी उचित दर विक्रेताओं से पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लाभांश वृद्धि एवं ई-पास आधारित फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ जन वितरण प्रणाली को और अधिक जवाबदेह एवं पारदर्शी बनाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि मुख्यमंत्री व्यापारियों और आमजन का हित चाहते हैं। कोटेदारों का कमीशन बढ़ाकर उन्होंने इसे साबित कर दिया है। सपा विधायक महाराजी प्रजापति ने कहा कि कोटेदारों का कमीशन बढ़ाकर सरकार ने अच्छा काम किया है। कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुभाष तिवारी ने कमीशन बढ़ाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है।


