बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के कार्यों में तेजी लाएं- मुख्य सचिव
लखनऊ, मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और गौतमबुद्धनगर के मेडिकल डिवाइस पार्क के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने भूमि अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने और निर्माण कार्य प्रारंभ न करने वाले आवंटियों से संपर्क करने के लिए कहा।

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (बीडा), फिल्म सिटी परियोजना तथा गौतमबुद्धनगर के मेडिकल डिवाइस पार्क के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा निवेशकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बुन्देलखण्ड की औद्योगिक स्थिति
बुन्देलखण्ड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि भूमि अर्जन की वर्तमान प्रगति निर्धारित मासिक लक्ष्यों की तुलना में अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने अधिकारियों को विशेष प्रयास कर भूमि अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने, सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा कार्य में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। फिल्म सिटी परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराकर जल्द से जल्द शिलान्यास कराया जाए।
मेडिकल डिवाइस पार्क की समीक्षा
इसी प्रकार से मेडिकल डिवाइस पार्क (गौतमबुद्ध नगर) की समीक्षा करते हुए एसपी गोयल ने कहा कि जिन आवंटियों द्वारा अभी तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है, उनसे संपर्क एवं समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक भूखंडों पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। साथ ही लीज डीड, भूखंड का कब्जा तथा मानचित्र स्वीकृति जैसी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।


