1.80 करोड़ से संवरेगा श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर
प्रदेश सरकार मैनपुरी के करहल रोड स्थित 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 1.80 करोड़ रुपये की परियोजना लाई है। इससे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी, और जैन धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मंत्री जयवीर सिंह ने इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

मैनपुरी। प्रदेश सरकार जैन धर्म की आस्था, आध्यात्मिक विरासत और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। जनपद मैनपुरी के करहल रोड स्थित ऐतिहासिक व प्राचीन श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के पर्यटन विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 1.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजना प्रस्तावित की गई है। इस पहल से न केवल भगवान पार्श्वनाथ की तप और अहिंसा की परंपरा को नया सम्मान मिलेगा, बल्कि यह मंदिर जैन धार्मिक पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में भी उभरेगा। प्रस्तावित योजना के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर का व्यवस्थित विकास किया जाएगा।
इसमें एक बहुउद्देशीय हॉल, आधुनिक लाइटिंग, स्वच्छ पेयजल, सुलभ प्रसाधन, यात्रियों के बैठने के लिए बेंच और आकर्षक लैंडस्केपिंग (सौंदर्यीकरण) का कार्य शामिल है। इसके अलावा, पूरे परिसर में क्यूआर कोड युक्त साइनेज लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु डिजिटल माध्यम से मंदिर के समृद्ध इतिहास, जैन दर्शन और भगवान पार्श्वनाथ के जीवन चरित्र से जुड़ी जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासतों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस परियोजना से जैन समाज की आस्था को संबल मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन और रोजगार को गति मिलेगी। मंदिर के पुजारी शिवांग मोदी जैन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री का आभार व्यक्त किया है।


