कोटेदारों का लाभांश बढ़कर हुआ 125 रुपये प्रति क्विंटल
उतरौला तहसील सभागार में सरकारी उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे 78 हजार से अधिक कोटेदारों को लाभ होगा और राशन वितरण प्रणाली में सुधार होगा।

उतरौला, संवाददाता। उचित दर विक्रेताओं के हित में प्रदेश सरकार की ओर से लाभांश बढ़ाए जाने के निर्णय को लेकर सोमवार को उतरौला तहसील सभागार में लाभांश वृद्धि उपहार कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक राम प्रताप वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। सरकार ने उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे प्रदेश के 78 हजार से अधिक कोटेदारों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कोटेदार अंतिम कड़ी के रूप में पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं।
लाभांश वृद्धि से उनके आर्थिक हित मजबूत होंगे और राशन वितरण व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि सरकार कोटेदारों के परिश्रम और जिम्मेदारी को देखते हुए उनके हित में लगातार कदम उठा रही है। लाभांश में वृद्धि उनके सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में एसडीएम योगेंद्र शरण, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, सप्लाई इंस्पेक्टर शिव कुमार, मन्मथ नाथ गुप्ता, अनूप कुमार सहित बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।

