कोटेदारों को मिलेगा 125 रुपए प्रति कुंतल लाभांश
श्रावस्ती में कलेक्ट्रेट में आयोजित एक कार्यक्रम में, प्रदेश सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन के साथ यह घोषणा हुई और कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस कदम से वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभार्थियों को सीधे लाभ मिलेगा।

श्रावस्ती,संवाददाता। उचित दर विक्रेताओं को अब बढ़ा लाभांश मिलेगा। कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित करके कोटेदारों को जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुना। प्रदेश सरकार ने कोटेदारों के लाभांश को 90 से बढ़ाकर 125 प्रति क्विंटल कर दिया है। इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, अपर जिलाधिकारी ललित कुमार एवं प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार पाण्डेय ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। जिसे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों एवं उचित दर विक्रेताओं ने देखा और मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर के उचित दर विक्रेताओं को नई सौगात दी गई है। कोटेदारों के लाभांश को 90 से बढ़ाकर 125 प्रति क्विंटल कर दिया है। उन्होंने कहा कि ई-पॉस मशीनों और सिंगल-स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी सिस्टम के उपयोग से वितरण प्रक्रिया में बिचौलियों को खत्म कर दिया गया है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों को सीधे योजना का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आशीष भारद्वाज सहित समस्त पूर्ति निरीक्षक व पूर्ति विभाग के समस्त कर्मचारी एवं उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।


