5628 रसोइयों को बढ़ा मानदेय जारी करने की तैयारी
फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में रसोइयों के मानदेय में वृद्धि की गई है। अब रसोइयों को प्रतिमाह तीन हजार रुपये मिलेंगे, जो पहले दो हजार रुपये था। इससे 5628 रसोइयों को लाभ होगा। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी गई है।

फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाली रसोइयों के मानदेय में शासन ने बढ़ोतरी कर दी है। अब तक दो हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय पाने वाले रसोइयों को इसी माह से तीन हजार रुपये मिलेंगे। मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी होने से जिले में कार्यरत 5628 रसोइयों को इसका लाभ मिलेगा। विभाग इसी माह से बढ़ा हुआ मानदेय देने की तैयारी में जुटा हुआ है। विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन तैयार कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लंबे समय से मानदेय बढ़ाए जाने की मांग की जा रही थी। शासन के निर्णय के बाद अब उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। इससे रसोइयों में भी खुशी है। विभागीय स्तर पर बढ़े हुए मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बीएसए प्रिंसी मौर्या ने बताया कि शासन के आदेश के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है。
कैशलेस इलाज की भी सुविधा
अब तक रसोइयों को प्रतिमाह दो हजार रुपये मानदेय मिलता था। शासन के नए निर्णय के बाद अगले माह से यह बढ़कर तीन हजार रुपये हो जाएगा। यानी साल के 10 माह में मानदेय में 10 हजार रुपये की बढ़ोतरी होगी। मानदेय के साथ साथ शासन ने इन्हे पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की भी सुविधा दी गई है।

