Bijnor News: उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि,फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ
Bijnor News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। मुख्य

Bijnor News: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस निर्णय की घोषणा की और ‘सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी’ के तहत फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी उपस्थित रहे।विक्रेताओं के लाभांश में की गई 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि में 10 रुपये केंद्र सरकार और 25 रुपये राज्य सरकार वहन करेगी।
भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम कर रही है। लाभांश में वृद्धि से विक्रेताओं के आर्थिक हित मजबूत होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने बिचौलिया व्यवस्था को समाप्त कर खाद्यान्न को सीधे गोदाम से दुकानों तक पहुंचाने की व्यवस्था लागू की है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही तय हुई है। सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लिए 500 करोड़ रुपये की लागत से अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जहां वे दैनिक उपयोग की 39 प्रकार की वस्तुओं की बिक्री कर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि लाभांश वृद्धि से विक्रेताओं को संबल मिलेगा और फीडबैक प्रणाली से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।


