रसोइया बहनों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का मिला उपहार
मैनपुरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीएम पोषण योजनांतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का रविवार को सजीव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पीएम पोषण योजनांतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का रविवार को सजीव प्रसारण देखा गया। इसके उपरांत आयोजित जिला स्तरीय समारोह में लाभार्थियों को पूर्व कैबिनेट मंत्री व भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के हितों का ध्यान रख रही है। विधायक ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइया बहनों का मानदेय एक हजार से बढ़ाकर पहले दो हजार और अब तीन हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही पांच लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता और पोशाक भत्ता 500 से बढ़ाकर एक हजार रुपये किया गया है।
उन्होंने रसोइया बहनों से अपील की कि वे बच्चों को पूरी स्वच्छता और गुणवत्ता के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएं। जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि बढ़ा हुआ मानदेय और स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाएं सितंबर से लागू होंगी, जिसका लाभ अक्तूबर में प्राप्त होगा। उन्होंने इसे रक्षाबंधन के अवसर पर सरकार की ओर से बहनों को दिया गया उपहार बताया। इस मौके पर डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, सीडीओ नेहा बंधु, जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, पंकज भदौरिया, कोषाध्यक्ष डा. विमल पांडेय आदि मौजूद रहे।


