सकलडीहा तहसील के तीन सौ कोटेदारों को मिलेगा कमीशन
सकलडीहा तहसील में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कोटेदारों के लाभांश में वृद्धि की घोषणा की। अब 78 हजार कोटेदारों को प्रति क्विंटल 125 रुपये का लाभांश मिलेगा। डिजिटल सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से राशन वितरण को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में 310 कोटेदारों के साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

सकलडीहा, हिन्दुस्तान संवाद। सकलडीहा तहसील सभागार में सोमवार को कोटेदारों के लाभांश में वृद्धि और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को डिजिटल बनाने के संबंध में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री का संबोधन जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और कोटेदारों ने सुना। मुख्यमंत्री ने कोटेदारों और जनता के हित में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में तहसील क्षेत्र के 310 कोटेदारों को बुलाया गया था। मुख्यमंत्री की घोषणा से प्रदेश के 78 हजार कोटेदारों को लाभ मिलेगा। अब उनका कमीशन 35 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा मिलेगा।जिससे उन्हें प्रति क्विंटल 125 रुपये का लाभांश मिलेगा। इस वृद्धि से कोटेदारों को आर्थिक मदद मिलेगी।
सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता डिलीवरी का भी शुभारंभ किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य राशन की आपूर्ति और वितरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। सकलडीहा ब्लाक प्रमुख अवधेश सिंह ने कहा कि देश की मोदी योगी सरकार ने कोटेदारों की काफी पुरानी मांगों को पूरा किया है। जिनकी पिछली सरकारों ने अनदेखी की थी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार गरीब, मजदूर, शोषित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित है। इस मौके पर सकलडीहा ब्लाक प्रमुख अवधेश सिंह, ब्लाक प्रमुख अजय सिंह, चहनिया ब्लाक प्रमुख अरुण कुमार जायसवाल, एसडीएम आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र शुक्ला, राजेंद्र प्रसाद, पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह, विक्रांत श्रीवास्तव,अमित सिंह सहित कोटेदार मौजूद रहे।


