नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र
नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्रनवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्रनवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्रनवचयनित प

ज्ञानपुर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा कृषि व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार को जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से कृषि विभाग के लिए नवचयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) तथा मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कलक्ट्रेट सभागार में नव चयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र देते हुए सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया।
सांसद डॉ. विनोद बिन्द, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, डीएम शैलेश कुमार व सीडीओ बाल गोविंद द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। नियुक्ति पत्र मिलते ही चयनित प्राविधिक सहायकों का चेहरा खुशी से खिल उठा। इस दौरान सांसद डॉ. विनोद बिन्द ने कहा कि कृषि प्रधान जिले में प्राविधिक सहायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। वह किसानों तक शासन की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक जानकारी को पहुंचाकर कृषि विकास को नई दिशा दें। विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे ने कहा कि सरकारी सेवा युवाओं को समाज और राष्ट्र की सेवा का अवसर प्रदान करती है। प्राविधिक सहायक किसानों और कृषि विभाग के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सक्रियता से किसानों को योजनाओं का लाभ, आधुनिक तकनीक और कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी समय पर मिल सकेगी। युवाओं से ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जिले के कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने का आह्वान किए। जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही कृषि क्षेत्र को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राविधिक सहायकों की नियुक्ति से किसानों तक शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की पहुंच और प्रभावी होगी। युवाओं से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। कृषि प्रधान जिले में प्राविधिक सहायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। समस्त कार्मिक किसानों के साथ संवेदनशीलता एवं सम्मान का व्यवहार करते हुए शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। किसान की समस्या का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान ही विभागीय कार्यों की वास्तविक सफलता है। उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने बताया कि जिले में 31 नवचयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। इस मौके पर जनप्रतिनिधि समेत विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


