शिक्षकों को अब स्मार्ट बैंकिंग सुविधा, 14 से लगेंगे विशेष शिविर
उत्तर प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने परिषदीय शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए स्मार्ट बैंकिंग की सुविधा शुरू की है। 14 से 17 जुलाई तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां नए एसबीआई सैलरी पैकेज खाते खोले जाएंगे और पुराने खाते परिवर्तित होंगे। सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच हुए एमओयू के तहत परिषदीय शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को स्मार्ट बैंकिंग की सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए 14 से 17 जुलाई तक जिले के सभी विकास खंड स्तरीय खंड शिक्षा कार्यालयों पर परिषदीय शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र शिक्षक और कर्मचारी तक सूचना पहुंचाकर शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए। चार दिवसीय शिविर प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होंगे। 14 जुलाई को नौहझील छाता मथुरा और वृंदावन व 15 जुलाई को मांट और गोवर्धन एवं 16 जुलाई को फरह नंदगांव और चौमुहां तथा 17 जुलाई को बलदेव और राया विकास खंड में कैंप लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में नए एसबीआई सैलरी पैकेज खाते खोले जाएंगे, जबकि पहले से संचालित बचत खातों को भी सैलरी पैकेज में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों को पैन कार्ड आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान पत्र दो पासपोर्ट आकार के फोटो और नवीनतम सैलरी स्लिप साथ लानी होगी।


