ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशकेंद्र से चार साल में उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक नए हाईवे का तोहफा

केंद्र से चार साल में उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक नए हाईवे का तोहफा

केंद्र सरकार ने पिछले चार साल में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 2,400 किलोमीटर लंबी सड़कों को नए राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिया है। राजमार्ग बनाने के लिए धन आवंटन के मामले में भी उत्तर प्रदेश देश में...

केंद्र से चार साल में उत्तर प्रदेश को सर्वाधिक नए हाईवे का तोहफा
अरविंद सिंह,नई दिल्लीWed, 16 Jan 2019 08:35 AM
ऐप पर पढ़ें

केंद्र सरकार ने पिछले चार साल में उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 2,400 किलोमीटर लंबी सड़कों को नए राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिया है। राजमार्ग बनाने के लिए धन आवंटन के मामले में भी उत्तर प्रदेश देश में अव्वल रहा है। जबकि राजस्थान में सबसे अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कराया गया है। इस मामले में महाराष्ट्र दूसरे और उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर हैं।

सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को अप्रैल 2014 से मार्च 2018 के दौरान राज्यों में कराए गए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और धन आवंटन संबंधी आंकड़े जारी किए हैं। इसमें सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट द्वारा बनाए गए दो लेन, चार लेन, छह लेन राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे के आंकड़े शामिल हैं। बीते चार साल के इन आंकड़ों अनुसार, देश में राजस्थान में सबसे अधिक 4,116 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए गए। जबकि उत्तर प्रदेश में 2,489 किलोमीटर और महाराष्ट्र में 2,544 किलोमीटर लंबे राजमार्ग बनाए गए।

हालांकि राजमार्गों के निर्माण के लिए केंद्रीय बजट हासिल करने में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश को 38,522.22 करोड़ रुपये का भारी-भरकम धन आवंटित किया। जबकि 21,937.95 करोड़ के आवंटन के साथ महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर और 14,797.46 करोड़ रुपये के साथ बिहार तीसरे स्थान पर रहा।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले चार साल उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 2,400 किलोमीटर लंबी सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिया गया। इसमें 1000 किलोमीटर लंबे नए राजमार्गों को बनाने के लिए कंसल्टेंट व डीपीआर बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसलिए धन आवंटन के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

चंड़ीगढ़: चार साल में एक किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग बना
केंद्र शासित प्रदेश चंड़ीगढ़ में पिछले चार साल में महज एक किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण हुआ है। जबकि दिल्ली में 139 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग बन सका है। चंडीगढ़ को चार साल में केंद्र से 12.45 करोड़ रुपये मिले। जबकि दिल्ली को 7323.38 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। इस राशि में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के लिए किया गया आवंटन भी शामिल है।

केंद्र सरकार ने अप्रैल 2014 से मार्च 2018 के दौरान विभिन्न राज्यों में 28,532 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग व एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया है। इस दौरान सरकार ने राजमार्ग क्षेत्र में 253141.182 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें