किताबों के लिए बाजार के चक्कर खत्म, घर बैठे मिलेंगी यूपी बोर्ड की पुस्तकें
उत्तर प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए पाठ्य पुस्तकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। सभी जिलों में अधिकृत डीलर स्थापित किए जाएंगे और ऑनलाइन होम डिलीवरी की व्यवस्था भी की जाएगी। लक्ष्य जनवरी 2027 तक पाठ्य पुस्तकें बाजार में उपलब्ध कराना है।

संभल। यूपी बोर्ड के कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को अब पाठ्य पुस्तकों के लिए बाजार के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को समय से किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में पाठ्य पुस्तकों के अधिकृत डीलर निर्धारित किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे किताबें उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी तैयार की जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को किताबों की उपलब्धता को लेकर होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
विभाग की ओर से पाठ्य पुस्तकों की छपाई के लिए अक्टूबर में टेंडर प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुस्तकों की छपाई कराकर उन्हें बाजार तक पहुंचाया जाएगा।विभाग ने जनवरी 2027 के अंतिम सप्ताह तक पाठ्य पुस्तकों को बाजार में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इससे नए शैक्षिक सत्र में विद्यार्थियों को शुरुआत से ही सभी विषयों की पुस्तकें समय से मिल सकेंगी। अधिकृत डीलरों की व्यवस्था होने से किताबों की बिक्री और उपलब्धता पर भी निगरानी रखी जा सकेगी। ऑनलाइन होम डिलीवरी की सुविधा शुरू होने पर दूरदराज के विद्यार्थियों को भी किताबें आसानी से मिल सकेंगी।

