खरीफ सीजन के लिए 2172 मीट्रिक टन यूरिया-डीएपी आवंटित
खरीफ सीजन के लिए 2172 मीट्रिक टन यूरिया-डीएपी आवंटित उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद जिला स्त

सोनभद्र, संवाददाता। खरीफ अभियान के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी की मंजूरी के बाद जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति पर जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको केंद्रों को कुल 2172 मीट्रिक टन यूरिया और डीएपी उर्वरक आवंटित किया गया है। स्वीकृत आवंटन के अनुसार पीसीएफ ने संबंधित समितियों एवं बिक्री केंद्रों तक उर्वरक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 70 सहकारी समितियों को 1017 मीट्रिक टन यूरिया तथा 73 सहकारी समितियों एवं इफको के 12 केंद्रों को 1155 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई के दौरान किसानों को उर्वरक की कमी का सामना न करना पड़े।
डीएम ने किसानों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से संपर्क कर उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी लें और निर्धारित सरकारी मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में समय से उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे खरीफ की बुवाई और उत्पादन प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी किसान से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है या उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो वह तत्काल इसकी शिकायत सहकारिता विभाग के कंट्रोल रूम 9198788248 एवं 9451637073, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के 9452165778 अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी के 8881173660 पर दर्ज करा सकता है। शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


