सरकार के दबाव में केपी कॉलेज मैदान की अनुमति रद्द: अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि सरकार के दबाव में केपी कॉलेज मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी गई। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन मानते हुए कहा कि छात्रों से संवाद का कार्यक्रम हर हाल में किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में केपी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति निरस्त की गई है। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को जारी आदेश में हाईकोर्ट के किसी निर्देश का उल्लेख नहीं था और उस समय मेजर रंजीत सिंह कॉम्प्लेक्स की रसीद भी जारी की गई थी। उनका दावा है कि यह भूमि ट्रस्ट की है, जिसका कॉलेज से कोई संबंध नहीं है और यहां पहले भी शादी-विवाह समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आठ अगस्त को प्रयागराज दौरा प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से केपी कॉलेज मैदान के स्थान पर हॉलैंड हॉल या भारत स्काउट एवं गाइड परिसर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। यदि इनमें से किसी स्थान की अनुमति नहीं मिलती है, तब भी राहुल गांधी प्रयागराज आएंगे और छात्रों से सड़कों पर संवाद करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्रों के मुद्दों पर होने वाले संवाद से घबरा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कोटा और देहरादून में राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रमों को निरस्त किया गया था। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि छात्रों से संवाद का कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।


