--एडीसीपी समेत पांच पुलिसकर्मी सम्मानित
नोएडा, रवि प्रकाश सिंह रैकवार । लखनऊ स्थित लोकभवन में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को

नोएडा, वरिष्ठ संवाददाता। लखनऊ स्थित लोकभवन में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को पदक पहनाकर उनके साहस और सेवाभाव की सराहना की। इस दौरान गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट में तैनात एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह समेत पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक मिला। पदक पाने वालों में चार अन्य एसटीएफ की नोएडा यूनिट के जवान हैं। गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित वीरता पदक के लिए एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह, एसटीएफ के आरक्षी देवदत्त सिंह और राजन कुमार का चयन किया गया था। तीनों को गुरुवार को मुख्यमंत्री ने वीरता पदक प्रदान किया। वहीं, गणतंत्र दिवस 2026 पर घोषित वीरता पदक से एसटीएफ के उपनिरीक्षक केशव शांडिल्य और मुख्य आरक्षी राहुल कुमार को सम्मानित किया गया।
समारोह में सम्मानित हुए पांचों पुलिसकर्मियों की वीरता को पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायी बताया गया। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की बात कही है। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और समर्पण का परिचय देते हैं। उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने वीरता पदक प्राप्त करने वाले सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गौतमबुद्ध नगर से एडीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह को वीरता पदक मिलने पर पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल रहा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। वीरता पदक पुलिसकर्मियों के साहस, जोखिम उठाकर कर्तव्य निभाने और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिए जाते हैं।


