इंतजार खत्म...सीएम योगी आज करेंगे अमरोहा के लिए 207.492 करोड़ की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
इंतजार खत्म...सीएम योगी आज करेंगे अमरोहा के लिए 207.492 करोड़ की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण
जिले के विकास को धार देने की शासन की कवायद के बीच इंतजार की घड़ियां खत्म हो गईं हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अमरोहा के लिए 207.492 करोड़ की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। अमरोहा व मंडी धनौरा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी ये परियोजनाएं जिले के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 12:45 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से जिले में वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। हैलीपेड से कार द्वारा 12:55 बजे वह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। दोपहर 1:00 से 2:00 बजे तक मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां सीएम विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण भी करेंगे।
इसके बाद आधे घंटे का समय आरक्षित रखा गया है। दोपहर 2:35 बजे मुख्यमंत्री वापस हेलीपैड पर पहुंचेंगे व 2:40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से संभल के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुबह से ही पुलिस-प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है। सभा स्थल से लेकर दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे तक सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। खुद डीएम डॉ.नितिन गौड़ व एसपी लखन सिंह यादव व्यवस्थाओं पर पैनी निगाह बनाए हैं। सभा के दौरान हाईवे पर जाम के हालात न बनें, इसके मद्देनजर 150 से ज्यादा ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती भी हाईवे पर 50 से ज्यादा प्वाइंट पर की गई है। वहीं भाजपाइयों के बीच भी मुख्यमंत्री की सभा को लेकर जोश का माहौल बना है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की कतार में लगे पार्टी नेता समर्थकों के काफिले संग जनसभा में पहुंचने की रणनीति बना चुके है। फिलहाल बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार सुबह से जिले के मौसम में सुबह से घुली तरावट के चलते सभा में भीड़ भी उम्मीद से अधिक जुटने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।


