व्यापारियों को समस्याओं के समाधान के लिए अब राजनीतिक रूप से भी मजबूत होना होगा
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल का 22वां स्थापना दिवस हजरतगंज के सिल्वेट होटल में ‘व्यापारी शंखनाद सम्मेलन’ के साथ मनाया गया। व्यापारियों ने विधानसभा चुनाव में उचित हिस्सेदारी की मांग की। संगठन के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने व्यापारी वोटरों की संख्या का उल्लेख करते हुए जाति-धर्म से ऊपर उठकर व्यापार और विकास पर ध्यान देने की बात कही।

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के 22वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी के हजरतगंज स्थित सिल्वेट होटल में ‘व्यापारी शंखनाद सम्मेलन’ आयोजित किया गया। शंख ध्वनि के साथ शुरू हुए सम्मेलन में प्रदेशभर के व्यापारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए शंखनाद किया और सभी राजनीतिक दलों से टिकट में उचित भागीदारी की मांग की। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कुल 13.39 करोड़ वोटरों में से 90 लाख व्यापारी वोटर हैं। यदि उनके परिवार और स्टाफ को मिला लिया जाए, तो यह संख्या 03 करोड़ से अधिक हो जाती है। इसका मतलब है कि प्रदेश में हर चौथा वोटर व्यापारी है, जिससे व्यापारी समाज सबसे बड़ा वोट बैंक बनता है। उन्होंने कहा कि ‘ना हम हिंदू की बात करेंगे, ना मुस्लिम की, ना मंदिर की बात करेंगे, ना मस्जिद की।’ हम व्यापारी हैं और केवल व्यापार तथा विकास की बात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब व्यापारी समाज जाति-धर्म से ऊपर उठकर केवल अपने मुद्दों पर ही राजनीतिक दलों का साथ देगा।
व्यापारिक समस्याएँ
सम्मेलन में व्यापारियों ने समाज के सभी वर्गों के लिए सुलभ व नि:शुल्क शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था की भी मांग उठाई। व्यापारिक समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियों की मनमानी से रिटेल व्यापार चौपट हो रहा है, लेकिन सरकार ई-कॉमर्स और रिटेल ट्रेड पॉलिसी नहीं ला रही है। इसके विरोध में तथा बिना वॉटर कनेक्शन के जलकर वसूलने और नगर निगम द्वारा कई व्यवसायों पर लगाए जा रहे लाइसेंस शुल्क के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की गई.
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 व्यापारी हुए सम्मानित
सम्मानित व्यापारी
इस अवसर पर संगठन और व्यापार हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 25 प्रमुख व्यापारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही आगामी सितंबर माह में 05 हजार से अधिक व्यापारियों की सहभागिता के साथ एक विशाल व्यापारी रैली आयोजित करने का ऐलान भी किया गया। सम्मेलन में प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, महामंत्री शशिकांत शर्मा, नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, इकबाल हसन, मोहित कपूर, मनीष पांडे, अनिरूद्ध निगम सहित कई व्यापारी उपस्थित थे।


