ईंट-भट्ठा संचालन के लिए विनियमन शुल्क जमा करना अनिवार्य
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईंट-भट्ठा मालिकों को 2026-27 सत्र के लिए विशेष सचिव के निर्देश अनुसार विनियमन शुल्क देना होगा। ऑनलाइन आवेदन के दौरान विभिन्न विवरणों के साथ 2,000 रुपये का आवेदन शुल्क जमा करना होगा। भुगतान के बाद ईंट-भट्ठा स्वामी प्रमाण पत्र जनरेट कर सकेंगे।

डीएम उमेश प्रताप सिंह ने जनपद में संचालित समस्त ईंट-भट्ठा स्वामियों को जानकारी देते हुए बताया कि कि विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, भूतत्व एवं खनिकर्म अनुभाग के पत्र दिनांक 23 सितंबर 2026 के निर्देशों के क्रम में ईंट-भट्ठा सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2021 के नियम 21(2) के अनुसार ईंट-भट्ठा मालिकों से पायों के आधार पर विनियमन शुल्क लिया जाएगा। यह विनियमन शुल्क ईंट-भट्ठा सत्र 01 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक के लिए मान्य होगा। आगामी ईंट-भट्ठा सत्र 2026-27 के लिए ईंट-भट्ठों एवं पायों की संख्या के आधार पर विनियमन शुल्क पिछले ईंट-भट्ठा सत्र 2025-26 में देय विनियमन शुल्क के अनुसार निर्धारित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि ईंट-भट्ठा स्वामियों को विनियमन शुल्क के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ 2,000 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा तथा ईंट-भट्ठा स्वामी का विवरण, भट्ठा स्थल का जियो-कोऑर्डिनेट सहित विवरण, भट्ठे का प्रकार सामान्य/जिग-जैग, पायों की संख्या, ईंट-मिट्टी के खनन क्षेत्र का विवरण तथा भट्ठा-सत्र सहित वांछित विवरण फीड करना होगा। इसके साथ ईंट-मिट्टी से संबंधित रॉयल्टी एवं विनियमन शुल्क बकाया न होने का शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।उन्होंने बताया कि भट्ठा स्वामी द्वारा फीड की गई सूचना के अनुसार ईंट-भट्ठे के पायों की संख्या के आधार पर निर्धारित विनियमन शुल्क एवं पोल्यूशन की धनराशि पोर्टल पर प्रदर्शित लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के लेखा शीर्षक “0853-अलौह खनन तथा धातुकर्म उद्योग, 107-लघु खनिज रियायत शुल्क” में जमा की जाएगी। विनियमन शुल्क एवं पोल्यूशन की धनराशि ऑनलाइन जमा करने के बाद ईंट-भट्ठा स्वामी पोर्टल से विनियमन शुल्क जमा का प्रमाण पत्र जनरेट कर सकेंगे।


