27 जिलों के 30 प्रतिशत से कम स्कूल लगा रहे हाजिरी
यूपी बोर्ड ने 29 हजार से अधिक स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी को लेकर सख्ती बढ़ाई है। 27 जिलों में 30% से कम स्कूल ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। अपर सचिव ने सभी संबंधित डीआईओएस को निर्देश दिया है कि हर कार्यदिवस में 100% ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य करे। पिछले साल से यह व्यवस्था लागू है।
प्रयागराज। यूपी बोर्ड से जुड़े 29 हजार से अधिक स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। 27 जिले ऐसे हैं जहां 30 प्रतिशत से कम स्कूल ऑनलाइन उपस्थित दर्ज करा रहे हैं। यूपी बोर्ड के अधिकारियों के बार-बार निर्देश देने के बावजूद सुल्तानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, इटावा, गौतम बुद्ध नगर, कानपुर देहात, प्रतापगढ़, हमीरपुर, अमेठी, चंदौली, बस्ती, फर्रुखाबाद, बलिया, कानपुर नगर, हरदोई, उन्नाव, गोरखपुर, गाजीपुर, अयोध्या, जौनपुर, आगरा, सिद्धार्थनगर, मैनपुरी, बहराइच, लखनऊ, फिरोजाबाद एवं गोंडा में ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। 30 सितंबर को ऑनलाइन उपस्थिति के आकड़ों की समीक्षा से पता चला है कि इन जिलों में 30 प्रतिशत अथवा उससे कम विद्यालय ही छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों की उपस्थिति अंकित कर रहे हैं।
इसे गंभीरता से लेते हुए अपर सचिव (प्रशासन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने संबंधित डीआईओएस को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि अपने जिले के सभी विद्यालयों से प्रत्येक कार्यदिवस में शत-प्रतिशत ऑनलाइन दैनिक उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। गौरतलब है कि यूपी बोर्ड ने पिछले साल जुलाई से ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य की थी। उपस्थिति वेब पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज कराने की व्यवस्था है।

