बैडमिंटन चैंपियनशिप में आरुष और राजन करेंगे यूपी का प्रतिनिधित्व
आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के दो खिलाड़ियों आरुष श्रीवास्तव और राजन यादव का चयन ओडिशा में होने वाली बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम में किया गया है। प्रज्ञा राय को पहली बार कोच बनाया गया है। सभी ने खिलाड़ियों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

आजमगढ़, संवाददाता। ओडिशा के भुवनेश्वर में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली ईस्ट जोन इंटर-स्टेट टीम एवं व्यक्तिगत बैडमिंटन चैंपियनशिप में जिले के दो खिलाड़ियों और एक कोच का चयन उत्तर प्रदेश टीम में हुआ है। सीनियर वर्ग में आरुष श्रीवास्तव और राजन यादव डबल्स मुकाबले में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जबकि प्रज्ञा राय को पहली बार प्रदेश टीम के कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खिलाड़ियों की मेहनत
दोनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है। आरुष श्रीवास्तव और राजन यादव लगातार कड़ी मेहनत और अभ्यास के दम पर प्रदेश की टीम में स्थान बनाने में सफल हुए हैं। दोनों खिलाड़ी डबल्स मुकाबले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को पदक दिलाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।
प्रशिक्षण शिविर
वहीं उत्तर प्रदेश टीम की कोच नियुक्त की गईं जिले की प्रज्ञा राय 20 अगस्त से चल रहे प्रशिक्षण शिविर में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी तकनीक, फिटनेस, कोर्ट मूवमेंट, रणनीति और मानसिक मजबूती पर विशेष रूप से काम कर रहे हैं। प्रज्ञा राय का प्रयास है कि टीम प्रतियोगिता में पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ उतरे और बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश के लिए पदक हासिल करें।
प्रशंसा और शुभकामनाएँ
जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के संयोजक अजेंद्र राय, अध्यक्ष डॉक्टर डीपी राय, सचिव डॉक्टर पीयूष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रमाकांत वर्मा, राजेंद्र प्रसाद यादव, पुनीत राय, नीरज अग्रवाल, मनीष रत्न अग्रवाल, विजय कुमार सिंह, डॉ. एके राय, सौरभ राय, सत्येंद्र समेत अन्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।


