असि. प्रोफेसर बीएड के सभी अर्ह अभ्यर्थियों से मांगे आवेदन
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की वेबसाइट एक बार फिर खोली गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 28 अप्रैल 2026 तक अर्ह सभी अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे हैं। आवेदन 20 जुलाई तक किए जा सकेंगे।

प्रयागराज मुख्य संवाददाता प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड के 107 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की वेबसाइट एक बार फिर खोल दी गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 28 अप्रैल 2026 तक अर्ह सभी अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे है। अभ्यर्थी शुक्रवार से 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने विज्ञापन संख्या-51 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के अन्य पदों के साथ बीएड के 107 पदों के लिए 31 अगस्त 2022 तक आवेदन मांगा था।
अधिकारियों द्वारा उच्चतम न्यायालय में अपील
हालांकि अंजू व दो अन्य की ओर से दायर याचिका में नौ दिसंबर 2022 को हाईकोर्ट ने असिस्टेंट प्रोफेसर बीएड की अर्हता एनसीटीई मानकों के अनुरूप न होने के कारण इसे रद्द करते हुए पुनः विज्ञापित करने का आदेश दिया था। इसके बाद आयोग ने हाईकोर्ट की डबल बेंच और सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी लेकिन दोनों याचिकाएं खारिज हो गई। उसके बाद नया आयोग गठित हो गया और 23 मई 2025 को नए सिरे विज्ञापन जारी करते हुए आवेदन मांगे गए। नए विज्ञापन में शर्त थी कि इसमें वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिनके पास विज्ञापन संख्या 51 के आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2022 तक एनसीटीई मानक के अनुरूप योग्यता थी।
पुनः आवेदन का अवसर
इस पर 31 अगस्त 2022 के बाद न्यूनतम अर्हता हासिल करने वाले रोशन कुमार पांडेय और 11 अन्य ने हाईकोर्ट में याचिका की थी। इन अभ्यर्थियों का कहना था कि चूंकि विज्ञापन नए सिरे से हुआ है तो इन्हें भी आवेदन का अवसर मिलना चाहिए। हाईकोर्ट ने नवगठित आयोग के 31 अगस्त 2022 तक अर्ह अभ्यर्थियों को ही आवेदन का अवसर देने को मनमाना और अन्यायपूर्ण माना था। चूंकि चयन प्रक्रिया शुरू हो गई थी इसलिए उसमें हस्तक्षेप न करते हुए हाईकोर्ट ने याचिका करने वाले सिर्फ 12 अभ्यर्थियों से आवेदन लेने के लिए पिछले साल सात जुलाई को वेबसाइट खोलने के आदेश दिए थे।
आयोग की स्पेशल अपील
हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ आयोग ने स्पेशल अपील की थी जिसमें कोर्ट ने 28 अप्रैल 2026 को नया विज्ञापन जारी होने के समय तक सभी अर्ह अभ्यर्थियों से आवेदन लेने के आदेश दिए हैं।


