महाना बोले- जिनका पैसा चोरी हुआ, उन्होंने श्रद्धा से अर्पित नहीं किया होगा
कानपुर, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया

कानपुर, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे चोरी के मामले पर कहते सुनाई दे रहे हैं, “जिन लोगों का पैसा चोरी हुआ है, मुझे लगता है कि उन्होंने उसे श्रद्धा और भावपूर्वक भगवान के दरबार में अर्पित नहीं किया होगा, इसलिए उनका पैसा चोरी हो गया।” हालांकि, आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
वायरल वीडियो की टिप्पणियां
वायरल वीडियो में महाना आगे कह रहे हैं-‘हमारा पैसा चोरी नहीं हुआ। हमारा पैसा मंदिर में लगा है। मंदिर का भव्य स्वरूप इसका प्रमाण है’। विधानसभाध्यक्ष का यह वीडियो 14 सेकंड का है। इसी वीडियो का विस्तार भी वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रहे हैं-‘मुझे नहीं मालूम कि उन्होंने जो चंदा दिया है वो वापस मांग रहे हैं। अगर उन्होंने जो चंदा दिया है वो वापस चाहते हैं तो मैं रामभक्त होने के नाते से उनका पैसा अपने पास से देने के लिए तैयार हूं’।
धनराशि का समर्पण
‘बाबरी ढांचे के विरोध में थे तमाम लोग’
विस्तार वाले वीडियो में विधानसभाध्यक्ष कह रहे हैं- ‘मैं इस बात को मानता हूं कि ऐसे करोड़ों रामभक्तों ने उस मंदिर के लिए जिसका संघर्ष 500 सालों तक चलता रहा, उसमें श्रद्धापूर्वक समर्पण धनराशि दी है। भगवान का दिया हुआ भगवान के चरणों में समर्पित होता है। ऐसे करोड़ों रामभक्तों का पैसा राम मंदिर में लगा है। आज मंदिर का दिव्य और भव्य स्वरूप हम लोगों को दिख रहा है। अगर मैं कहूं कि छोटी सी धनराशि जो भगवान की कृपा से उन्होंने (रामभक्तों ने) दी है, मेरी भी समर्पण राशि और मेरे जैसे करोड़ों लोगों की धनराशि मंदिर में लगी है। इससे मुझे दिख रहा है कि इतना बड़ा मंदिर खड़ा हुआ है। सामने खड़े मंदिर का स्वरूप और मंदिर बनने से जो पहले था उस बाबरी ढांचे के गिराने के विरोध में तमाम लोग थे।
चंदे की चिंता
जिन्हें पैसा चाहिए उन्हें मंदिर में चंदे की चिंता क्यों
विस्तार वाले वीडियो में सतीश महाना कह रहे हैं-‘मुझे अच्छा लगता है कि जिस समय राम मंदिर आंदोलन चल रहा था तो अपने स्थान से राम मंदिर बनवाने के लिए पदयात्रा करते तो शायद वो अच्छी बात होती। जिन्हें अपना पैसा वापस चाहिए वो राम मंदिर के चंदे की चिंता क्यों कर रहे हैं? जो पकड़े गए हैं और जिन्होंने पाप किया है उन्हें सजा मिलेगी और उन्हें कानून सजा देगा। उन्हें किसी भी हालत में छोड़ा जाएगा’। विस्तार वाला वीडियो किसी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साक्षात्कार का है।
लोगों की प्रतिक्रियाएँ
वीडियो क्लिप पर लोगों की तल्ख प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 14 सेकंड के वीडियो क्लिप पर लोगों ने तल्ख प्रतिक्रिया दी है। विधानसभाध्यक्ष पर तीखा प्रहार किया है। इस वीडियो में सतीश महाना को लोगों ने खूब ट्रोल किया है। इक्का-दुक्का लोगों ने बचाव में भी कुछ टिप्पणियां की हैं। बताया जाता है कि विधानसभाध्यक्ष ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर यह प्रतिक्रिया दी है जिसका वीडियो क्लिप वायरल हुआ। इस संबंध में मोबाइल पर कॉल और मैसेज के जरिए सतीश महाना का पक्ष जानने की कोशिश की गई मगर जवाब नहीं आया।


