89 प्राविधिक सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र
आजमगढ़ में 89 प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य अतिथियों ने नवनियुक्त कर्मियों से कृषि विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उप कृषि निदेशक ने भी प्राविधिक सहायकों के योगदान की महत्ता पर जोर दिया।

आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 89 प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी कार्मिकों को मंगलवार को विकास भवन सभागार में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ में नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त कार्मिकों ने सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री जी के संबोधन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को देखा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ध्रुव कुमार सिंह एवं विशिष्ट अतिथि संदीप राजभर ने नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कृषि विभाग किसानों के हित से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है।
उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से सरकार की मंशा के अनुरूप कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के साथ ही उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी कार्मिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों का स्वागत करते हुए कहा कि कृषि विभाग की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में प्राविधिक सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


