स्वास्थ्यकर्मियों ने दूसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर किया काम, सीएमओ को ज्ञापन
उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी के कर्मचारियों ने लंबित मांगों के समाधान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए सीएमओ से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा और अतिरिक्त पारिश्रमिक की मांग कर रहे हैं।

पडरौना, निज संवाददाता। लंबे समय से लंबित मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से नाराज उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी के कर्मचारियों का विरोध मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने कार्यों का निर्वहन किया और दोपहर बाद सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश से उनके कार्यालय में मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांगों के निस्तारण के लिए शासन स्तर पर प्रभावी पहल कि मांग की।
कर्मचारियों की निराशा
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर कई स्तर पर शासन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पहल हो चुकी है। इसके बावजूद नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा, लंबित अतिरिक्त पारिश्रमिक समेत अन्य मुद्दों पर अब तक निर्णय नहीं हुआ है। ऐसे में कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने के लिए काली पट्टी बांधकर कार्य करने का निर्णय लिया है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि एचआईवी-एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े कार्मिक लंबे समय से विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
सुरक्षा और पारिश्रमिक की मांगें
इसके बावजूद सेवा की स्थिरता और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कर्मचारियों ने नियमितीकरण होने तक नौकरी की सुरक्षा और ऑटो रिन्यूअल की व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से रखी। इसके अलावा तीन वर्षों से लंबित 20 प्रतिशत अतिरिक्त मासिक पारिश्रमिक की पत्रावली का निस्तारण, ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों के पुन: समायोजन और पारस्परिक स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने की मांग भी दोहराई। कर्मचारियों ने कहा कि एचआईवीinfected लोगों के इलाज की निरंतरता बनाए रखने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। इसके लिए बिहार और दिल्ली की तर्ज पर मासिक पेंशन का प्रावधान करने की मांग की गई। साथ ही शाम चार बजे के बाद वर्चुअल बैठक, रिपोर्टिंग और कॉलिंग से कर्मचारियों को मुक्त रखने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। उन्होंने कहा कि फिलहाल 11 अक्तूबर तक काली पट्टी बांधकर कार्य किया जाएगा। इसके बाद 12 से 14 अक्तूबर तक ड्यूटी शुरू होने के समय से दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा और 15 अक्तूबर को लखनऊ के ईको गार्डन में धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 16 अक्तूबर से भूख हड़ताल और प्रदेशभर में एचआईवी-एड्स से संबंधित सेवाएं स्थगित करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान विश्वजीत ओझा, रत्नेश मणि तिवारी, मयंक मिश्रा, गौतम शर्मा, अंजनी श्रीवास्तव, संदीप सिंह, चंद्रशेखर यादव, खुशबू शुक्ला, शशिकला सिंह, छोटेलाल कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।

