पूर्व चैंपियन क्रेज्सिकोवा बाहर
यूएस ओपन के महिला एकल के पहले दौर में बारबोरा क्रेज्सिकोवा ने कामिला रखिमोवा से हारकर बड़ा उलटफेर किया। जेसिका पेगुला और मार्टा कोस्त्युक ने अगले दौर में प्रवेश किया। वीनस विलियम्स को केनिन ने हराया। अन्य विजेताओं में स्वितोलिना और फर्नांडीज शामिल हैं। पुरुष वर्ग में मेदवेदेव ने जीत दर्ज की।

न्यूयॉर्क। यूएस ओपन के महिला एकल के पहले दौर में भी उलटफेर भी देखने को मिला। दो बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन और 27वीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेज्सिकोवा, कामिला रखिमोवा से 7-6 (4), 6-2 से हार गईं। इससे पहले तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और 11वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक ने महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया। पेगुला ने एलेना गैब्रिएला रूसे को 6-3, 6-2 से हराया जबकि कोस्त्युक ने स्टॉर्म हंटर को 6-4, 6-1 से मात दी। दूसरी ओर, वीनस विलियम्स और केनिन आधी रात के बाद कोर्ट पर उतरीं। केनिन ने 46 वर्षीय विलियम्स को 6-2, 7-6 (6) से हराया।
महिला वर्ग में जीत हासिल करने वाली अन्य खिलाड़ियों में नौवीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना, 19वीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी और 31वीं वरीयता प्राप्त लेयला फर्नांडीज (2021 की यूएस ओपन की उपविजेता) शामिल थीं। पुरुष एकल में 2021 के चैंपियन और सातवीं वरीयता प्राप्त दनिल मेदवेदेव ने ह्यूगो गैस्टन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराया। 15वीं वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर बुब्लिक ने जेजे वुल्फ को हराया जबकि 2014 के चैंपियन मारिन सिलिच और 2022 के उपविजेता कैस्पर रुड दोनों चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से हट गए।


