तीन अमेरिकी फर्मों ने एचडीएफसी बैंक के खिलाफ जांच शुरू की
अमेरिका की तीन लॉ फर्मों ने एचडीएफसी बैंक के खिलाफ मुमकिन फेडरल सिक्योरिटीज कानूनों के उल्लंघन की जांच शुरू की है। इसके कारण बैंक के शेयर में एक फीसदी से अधिक की गिरावट हुई है। बैंक ने आरोपों को खारिज किया है, जबकि जांच शुरू हो गई है।

नई दिल्ली, एजेंसी। अमेरिका की तीन लॉ फर्मों ने एचडीएफसी बैंक के खिलाफ संभावित फेडरल सिक्योरिटीज कानूनों के उल्लंघन की जांच शुरू करने की घोषणा की है। इस खबर के बाद शुक्रवार को बैंक के शेयर में एक फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। गौरतलब है कि पिछले पांच दिन में एचडीएफसी बैंक के शेयरों में 10 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच इस आरोप से जुड़ी है कि एचडीएफसी बैंक ने महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम को करीब 45 करोड़ रुपये का भुगतान कथित तौर पर मार्केटिंग खर्च के रूप में दिखाया। दावा किया गया है कि यह राशि बड़े डिपॉजिट हासिल करने के लिए अतिरिक्त ब्याज के रूप में दी जानी थी, लेकिन इसे चार स्थानीय वेंडरों के माध्यम से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान पर खर्च के रूप में दर्ज किया गया।तीनों
अमेरिकी लॉ फर्मों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मामला सामूहिक मुकदमे (क्लास एक्शन) तक पहुंचेगा या नहीं। फिलहाल वे उन निवेशकों से संपर्क कर रही हैं, जिन्हें बैंक के शेयरों में गिरावट से नुकसान हुआ है। बैंक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उसके सभी लेनदेन निर्धारित नियमों और मजबूत आंतरिक नियंत्रण प्रणाली के तहत किए जाते हैं।


