झाझा में मुद्दत से महसूस की जा रही है ट्रॉमा सेंटर की जरूरत, होने से बच सकती हैं कई जिंदगियां
झाझा में मुद्दत से महसूस की जा रही है ट्रॉमा सेंटर की जरूरत, होने से बच सकती हैं कई जिंदगियां झाझा में मुद्दत से महसूस की जा रही है ट्रॉमा सेंटर की जर

झाझा । निज संवाददाता झाझा में एक अदद ट्रॉमा सेंटर और ब्लड बैंक की जरूरत शिद्दत से महसूस की जाती रही है। बता दें कि जिले के जमुई से चकाई की करीब 75 किमी लंबी दूरी के मध्य मुकाम पर स्थित झाझा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के कंधों पर रेल एवं सड़क दोनों के ही हादसों के शिकार के इलाज की जिम्मेदारी होती है। rail के मामले में भी जसीडीह के बाद से ले झाझा तक के करीब 50 किमी क्षेत्र वाले मुसाफिरों के किसी कारणवश टे्रन की चपेट में आ जाने पर इलाज के लिए उनके परिजनों की उम्मीदें झाझा अस्पताल पर ही टिकी होती है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग मानते हैं कि हादसे के शिकारों के जीवन की रक्षा के लिए हादसे के बाद के 2 घंटे अत्यंत क्रिटिकल होते हैं। शायद उक्त क्रिटिकल टाइमलाइन को मद्देनजर रखते हुए ही केंद्र सरकार ने हादसे के शिकारों के तत्काल इलाज हेतु डेढ़ लाख तक के खर्च की स्वीकृति दे रखी है। किंतु,बड़ा सवाल है कि सरकार की उक्त सहायता राशि की सार्थकता तब न सिद्ध हो पाएगी और बेचारे घायल को तब न इसका लाभ मिल पाएगा,जब उसके तत्काल इलाज की सुविधा व संसाधन भी स्थानीय स्तर पर सुलभ हों। पर,अफसोसजनक यह कि इस नजरिए से झाझा स्थित उक्त इकलौते सरकारी अस्पताल का हाल अत्यंत असंतोषजनक है। सीएचसी में इलाज संबंधी सुविधाओं का हाल यह है कि सड़क या रेल हादसे के शिकारों की छोड़,आपसी मारपीट में थोड़ी गंभीर चोट के शिकार लोगों तक को भी स्थानीय चिकित्सकों द्वारा जमुई रेफर कर देना काफी आम व रोजमर्रा की बात बनी हुई है। सीएचसी में चिकित्सा सुविधा स्वास्थ्य व चिकित्सा के पर्याप्त सुविधा-संसाधन एवं ब्लड बैंक का न होना गंभीर रूप से घायलों के लिए अक्सर व आए दिन जानलेवा साबित होता रहा है。
चिकित्सा की पर्याप्त सुविधा न होने के मद्देनजर रेफर हुए कई मरीज रास्ते में ही तोड़ देते रहे हैं दम:
बीते जून में एक कातिल हाईवा की निर्मम चपेट में आकर महज 15 वर्ष की छोटी सी उम्र में ही अपनी जान गंवा देने वाली झाझा नप के चरघरा की नैना कुमारी का जीवन बच भी सकता था। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई नैना की मौत,समुचित इलाज हेतु रेफर कर दिए जाने पर जमुई जाने के दौरान रास्ते में हो गई थी। उसके पूर्व बीते 24 अप्रैल को झाझा नप क्षेत्र के बाबूबांक के धीरज रविदास नामक युवक की मौत भी बेहतर इलाज को बड़े अस्पताल को जाने के दौरान रास्ते में हो गई थी। दोनों के परिजनों समेत अन्य कई लोगों का मानना है कि यदि झाझा के सीएचसी में समुचित इलाज के सुविधा-संसाधन सुलभ होते और उक्त घायलों को यह ससमय समुचित नसीब हो जाता तो शायद उनका जीवन बच भी सकता था। लोगों का यह भी कहना है कि स्थानीय सीएचसी में चिकित्सा के पर्याप्त संसाधन व विशेषज्ञ चिकित्सक होने से न केवल कई कीमती जिंदगियां बच सकेंगी,अपितु रेफर की स्थिति में सरकार का एंबुलेंसों पर व्यय होने वाला धन भी बचेगा। बता दें कि ऐसे एक-दो मामले नहीं हैं,जो ससमय समुचित इलाज नहीं मिलने की कसक लिए दुनियां से रूख्सत हो गए हों। अपितु,विगत के ऐसे कई वाकये इस बात की याद दिलाते हैं कि झाझा में यदि एक अदद ट्रॉमा सेंटर एवं सीएचसी में ब्लड बैंक का न होना अनेकों मौकों पर ‘जानलेवा’ साबित होता आया है। खासकर सड़क व टे्रन हादसों के शिकारों के मामलों में लोगों को अक्सर ऐसी स्थिति से दो-चार होना पड़ा है। ब्लड बैंक की जरूरत की बात से जमुई के पूर्व डीएम एवं वर्त्तमान में खनन विभाग के सचिव अवनीश कु.सिंह भी सहमति जताते मिले थे। साथ ही,ऐसे में विभागीय पदाधिकारियों को इसकी संभाव्यता को टटोलने का निर्देश दिया था।
स्वास्थ्य मंत्री ने सूबे में नए ट्रॉमा सेंटर खाले जाने की कही है बात,परिवहन मंत्री ने भी की थी झाझा में खुलवाने की पहल:
बता दें कि झाझा में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता को महसूस करते हुए सूबे के परिवहन मंत्री सह झाझा के एनडीए विधायक दामोदर रावत ने भी विगत में झाझा में इसकी स्थापना हेतु प्रयास व पहल की थी। किंतु,उस वक्त शायद यह जिला स्तर पर ही होने के प्रावधान के मद्देनजर मामला आगे नहीं बढ़ पाया था। पर,सामने आई खबरों के अनुसार बीते जून माह में खुद सूबे के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने हर टोल प्लाजा पर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने एवं साथ ही सूबे भर में ट्रॉमा सेंटरों की संख्या बढ़ाने की बात कही थी। ताकि सड़क हादसे के शिकारों को टोल प्लाजा पर लगी एंबुलेंस से निकटतम किसी ट्रॉमा सेंटर पर पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सके। ऐसे में झाझा के जागरूक लोगों को अब झाझा में भी ट्रॉमा सेंटर की स्थापना हो सकने की लोग उम्मीदें लगाए बैठे हैं।

