भीमताल में पालिकाओं और नगर पंचायतों के विकास कार्यों पर हुआ मंथन
भीमताल में आयोजित एक सम्मेलन में उत्तराखंड के नगर निकाय अध्यक्षों ने स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार मांगे। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं पर चर्चा हुई और नगर निकायों को अधिक स्वायत्तता देने की मांग उठाई गई।
भीमताल, संवाददाता। भीमताल स्थित एक रिजॉर्ट में उत्तराखंड शहरी विकास विभाग की ओर से गुरुवार को प्रदेश की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों की बैठक व सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान निकाय अध्यक्षों ने स्थानीय स्तर पर अधिक प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार दिए जाने की मांग की, ताकि जनता से जुड़े कार्यों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके। अध्यक्षता करते हुए शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा सभी अध्यक्षों की समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया।मंत्री राम सिंह कैड़ा और भीमताल पालिकाध्यक्ष सीमा टम्टा ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
प्रदेशभर से पहुंचे नगर निकाय अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं, विकास कार्यों में आ रही बाधाओं व जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखकर उनपर विस्तार से चर्चा की। नगर निकाय प्रतिनिधियों ने जूनियर इंजीनियर के रिक्त पदों के कारण विकास योजनाओं के प्रभावित होने, निकायों को पर्याप्त बजट न मिलने, शहरों में बढ़ती पार्किंग समस्या, भवनों के नक्शे स्वीकृत करने का अधिकार नगर पालिकाओं को दिए जाने, पर्यावरण मित्रों (सफाई कर्मचारियों) की कमी और छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए बार-बार देहरादून जाने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पर्यावरण मित्रों के रिक्त पद जल्द भरने, विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने और नगर निकायों को अधिक स्वायत्तता देने की मांग भी रखी। शहरी विकास मंत्री कैड़ा ने सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नगर निकायों को अधिक सशक्त बनाने और शहरी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निकायों की समस्याओं का चरणबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सेमिनार प्रदेश के नगर निकायों के बीच समन्वय बढ़ाने, विकास कार्यों की गति तेज करने और शहरी प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस दौरान राज्य सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष भाजपा कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, गौतम मटियाली, अधिशासी अधिकारी राहुल सिंह आदि मौजूद रहे l


