ऑपरेशन दहन के तहत 18.60 लाख का 31 किलो मादक पदार्थ नष्ट
उरई की पुलिस ने ऑपरेशन दहन अभियान के तहत 31.23 किलोग्राम मादक पदार्थ का विनष्टीकरण किया, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख 60 हजार 550 रुपये है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई। अब तक कुल 1658.0257 किलोग्राम मादक पदार्थ को नष्ट किया जा चुका है।

उरई, संवाददाता। जनपद पुलिस ने ऑपरेशन दहन अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 9 अभियोगों में बरामद 31.23 किलोग्राम मादक पदार्थ जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 18 लाख 60 हजार 550 रुपये हैं। उसको न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर विनष्टीकरण किया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन अभियान के तहत न्यायालय से अनुमति लेकर अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर व पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र, झांसी के पर्यवेक्षण में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक जालौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जनपद स्तर पर गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की उपस्थिति में जनपद के विभिन्न थानों में बरामद 31.231 किलोग्राम मादक पदार्थ को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई के इनसिनरेटर (भट्टी) में नष्ट किया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ में 27.39 किलोग्राम गांजा और 245 ग्राम चरस शामिल है। गौरतलब है कि 1 मार्च 2026 से 31 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन के तहत जनपद में लगातार कार्रवाई जारी है। इसके तहत 16 अप्रैल 2026 को 681.15108 किलोग्राम, 21 मई 2026 को 843.59562 किलोग्राम, 30 जून 2026 को 102.049 किलोग्राम और 31 अगस्त 2026 को 31.23 किलोग्राम मादक पदार्थ का विनष्टीकरण किया गया। अब तक कुल 1658.0257 किलोग्राम मादक पदार्थ, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ 89 लाख 69 हजार 430 रुपये का विनष्टीकरण किया जा चुका है।


