थाना दिवस का कार्य बहिष्कार कर लेखपालों ने दिया धरना, बुलंद की आवाज
उरई। संवाददाता एंटी करप्शन टीम द्वारा लेखपाल के विरुद्ध की गई कथित अनुचित कार्रवाई

उरई। संवाददाता एंटी करप्शन टीम द्वारा लेखपाल के विरुद्ध की गई कथित अनुचित कार्रवाई के विरोध में उरई के लेखपालों ने थाना दिवस का कार्य बहिष्कार करते हुए सदर तहसील में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हक व अधिकार को लेकर आवाज को प्रमुखता से उठाया और मांग उठाई है कि इस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कराई जाए।उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के अध्यक्ष अश्विनी कुमार गुप्ता व मंत्री वीर सिंह के नेतृत्व में उरई तहसील में लेखपालों ने धरना दिया। इस मौके पर सभी मौजूद लेखपालों ने एक स्वर में आवाज उठाते हुए कहा कि लेखपाल साथियों पर भ्रष्टाचार निवारण संगठन द्वारा गलत व अनुचित तरीके से कार्रवाई की जा रही है, इसकी निंदा की जाती है।
मंत्री वीर सिंह ने कहा कि जांच एजेंसी की यह तानाशाही और गलत तरीका किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को सेतु बनाकर लोगों तक लेखपाल पहुंचाता है। इसके बाद भी उसे गलत तरीके व सुनियोजित ढंग से फंसाया जा रहा है। इसको जल्द से जल्द रोका जाए। उन्होंने अयोध्या की तहसील सोहावल में लेखपाल साथी उत्कषर्य दीप के साथ हुई घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की और कहा कि यह बर्दाश्त के बाहर है। इस दौरान अनिल कुमार, आशीष कुमार, रोहित कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, रौनक, सुमित कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि ने कहा कि सभी थाना समाधान दिवसों का बहिष्कार कर तहसीलों में धरना प्रदर्शन किया गया।


